रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले शनिवार को बड़ा बवाल हुआ। जिले के तमनार थाना क्षेत्र में धरना प्रदर्शन कर रहे 14 गांव के ग्रामीणों और पुलिस के बीच झड़प हो गई। झड़प ऐसी बढ़ी कि ग्रामीणों ने पथराव शुरू कर दिया। हालात तब और बिगड़ गए जब ग्रामीणों ने महिला थाना प्रभारी की पिटाई कर दी। साथ ही ग्रामीणों ने कुछ वाहनों को भी जला दिया। बवाल बढ़ा तो भारी संख्या में पुलिस बल पहुंचा और क्षेत्र छावनी में तब्दील हो गया।
बता दें जिंदल कंपनी के गारे पेलमा कोल ब्लाक के लिये हुई जनसुनवाई को फर्जी बताते हुए तमनार क्षेत्र के 14 गांव ग्रामीण लिबरा गांव में स्थित सीएचपी चौक में धरना प्रदर्शन कर रहे थे। धरना प्रदर्शन के कारण जिंदल कंपनी के वाहनों की आवाजाही प्रभावित होने लगी। शनिवार दोपहर को भारी संख्या में पुलिस बल पहुंचा और प्रदर्शन कारियों को गिरफ्तार करने लगे। इसके बाद वाहनों की आवाजाही शुरू कराई गई जिसके कारण कुछ ग्रामीण घायल हो गए। इससे ग्रामीणों का गुस्सा भड़क गया और चालक की पिटाई कर दी।
इसके बाद तमनार थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंची और आक्रोशित ग्रामीणों को समझा रहीं थी। आक्रोशित ग्रामीणों ने लात- घूसों और लाठी- डंडे से महिला थाना प्रभारी को जमकर पीटा। ग्रामीणों ने वहां मौजूद कई गाडियों को आग के हवाले कर दिया। इस घटना में घायल पुलिस कर्मियों को उपचार के लिये अस्पताल में भर्ती कराया गया है, साथ ही तनाव को देखते हुए पूरे गांव की बिजली काट दी गई। घटना के बाद पूरा क्षेत्र छावनी में तब्दील हो गया। फिलहाल गांव में तनाव का माहौल है।
The post छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में बवाल, महिला थाना प्रभारी को लात घूंसों से पीटा, छावनी में बदला इलाका appeared first on ShreeKanchanpath.




