कैलिफोर्निया। अमेरिका के कैलिफोर्निया में लापता हुए 22 वर्षीय भारतीय छात्र का शव मिला है। कर्नाटक के रहने वाले साकेत श्रीनिवासैया नौ फरवरी को लापता हो गए थे, जिसके बाद उनकी तेजी से तलाश की जा रही थी। सैन फ्रांसिस्को स्थित भारतीय दूतावास ने पुष्टि की है कि पुलिस ने भारतीय छात्र का शव बरामद कर लिया है। साकेत श्रीनिवासैया अमेरिका में रहकर पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई कर रहे थे और कैलिफोर्निया विश्वविद्यालय, बर्कले के छात्र थे।
सैन फ्रांसिस्को स्थित भारतीय दूतावास ने एक्स पोस्ट में जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को छात्र का शव मिला है। शव को जल्द से जल्द भारत वापस भेजने के लिए सभी आवश्यक सहायता का आश्वासन दिया है। इसी के साथ दूतावास ने परिवार और प्रियजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना भी व्यक्त की।
छात्र के शव को जल्द भारत भेजने की तैयारी
अपने एक्स पोस्ट में भारतीय दूतावास ने लिखा, ‘यह सूचित करते हुए गहरा खेद है कि स्थानीय पुलिस ने लापता भारतीय छात्र साकेत श्रीनिवासैया का शव बरामद होने की पुष्टि कर दी है। इस अत्यंत कठिन समय में हम उनके परिवार और प्रियजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं। दूतावास परिवार को सभी आवश्यक सहायता प्रदान करने के लिए तत्पर है, जिसमें स्थानीय अधिकारियों के साथ समन्वय और पार्थिव शरीर को जल्द से जल्द भारत वापस भेजने की व्यवस्था करना शामिल है। हमारे अधिकारी परिवार के साथ सीधे संपर्क में हैं और सभी आवश्यक औपचारिकताओं और सेवाओं में उनका सहयोग करेंगे।’
The post कैलिफोर्निया में लापता भारतीय छात्र का छह दिन बाद मिला शव, भारतीय दूतावास ने की पुष्टि appeared first on ShreeKanchanpath.


