कल का मौसम कैसा रहेगा) : मौसम का गुणा गणित बिगड़ने वाला है। न्यूनतम तापमान के आंकड़ों में बड़ी गिरावट देखने को मिल सकती है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 5 दिसंबर से एक नया पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) दस्तक दे सकता है, जो पहाड़ी राज्यों के मौसम को प्रभावित करेगा। इस नए वेदर सिस्टम के प्रभाव से जम्मू-कश्मीर के ऊपरी हिस्सों में बादलों की आवाजाही रहेगी और हल्की से मध्यम बारिश व बर्फबारी हो सकती है। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश के कुछ इलाकों में भी बादल छाए रहेंगे, लेकिन बारिश की संभावना कम है। इधर, हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में शीतलहर की स्थिति बन रही है। स्काईमेट वेदर ने अगले 24 घंटे के मौसम का अनुमान जताते हुए साइक्लोनिक सर्कुलेशन दितवाह के सक्रिय रहने से आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु में गरज चमक के साथ भारी से भारी बारिश, जबकि कर्नाटक और केरल में हल्की बारिश की संभावना जताई है।
तमिलनाडु में बारिश का अलर्ट
समुद्री तूफान सेन्यार के तुरंत बाद एक्टिव हुए दितवाह चक्रवात ने दक्षिण भारत पर कहर बरपा रखा है। पिछले 3-4 दिन से तेज हवाओं आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश से जनजीवन पर विपरीत प्रभाव है। मौसम विभाग के मुताबिक, 4,5 और6 दिसंबर को भी आसमान पर काले बादल छाए रहेंगे और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना बनी रहेगी। इस दौरान तेज रफ्तार से हवाएं बहेंगी और चेन्नई, तिरुवल्लूर समेत अन्य इलाकों में भारी बारिश दर्ज की जाएगी। हालांकि, अगले 24 घंटे में चक्रवात का असर धीरे-धीरे कम होगा। लेकिन, चेंगलपट्टू, कट्टनकुलथुर, कोलाथुर, बालूर और अप्पुर में गरज और बिजली के साथ तेज बारिश जारी रहेगी। तूफान के प्रभाव से आंध्र प्रदेश, केरल, कर्नाटक और तमिलनाडु में भी मौसमी गतिविधियां जारी रहेंगी।दिल्ली-एनसीआर में न्यूनतम तापमान बेहद कम हो गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है, जो इस सीजन का सबसे कम है और अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। पहाड़ों पर एक्टिव होने वाले पश्चिमी विक्षोभ का असर दिल्ली-एनसीआर पर भी पड़ेगा, जिसके कारण शीतलहर और सर्दी के ग्राफ में इजाफा होगा। सुबह हल्का कोहरा भी नजर आएगा। सीपीसीबी के मुताबिक, अगले दिनों में एक्यूआई खराब स्थिति में रहेगा। फिलहाल, 2 दिन हल्की बदली दिख सकती है, लेकिन अधिकांश समय आसमान साफ रहेंगे और दिन में सर्द हवाएं चलेंगी।
पंजाब-हरियाणा का तापमान
इधर, हरियाणा और पंजाब में शीतलहर के कारण तापमान लुढ़कता जा रहा है। दोनों ही राज्यों के अधिकांश जिलों में तापमान गिरकर 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, चंडीगढ़, पटियाला, अमृतसर, लुधियाना, बठिंडा, नारनौल और करनाल में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। कोल्ड वेव चलने के कारण लोगों को सिहरन वाली सर्दी का एहसास हो रहा है। अब दिन सुबह और शाम घना कोहरा छाने की संभावना है।
राजस्थान का मौसम
राजस्थान में कड़ाके की ठंडी का सितम जारी है। राज्य के फतेहपुर में न्यूनतम तापमान गिरकर 2.2 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। जयपुर मौसम केंद्र के मुताबिक, अन्य जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना हुआ है। फिलहाल, फतेहपुर में 2.2, शेखावाटी 3, लूणकरणसर में 2.9, सीकर में 3.8, नागौर में 4.0, चुरू में 4.7, दौसा में 4.8 और अलवर में 5 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया है। अगले सप्ताह तक तापमान में और कमी आने की संभावना है। अब शीतलहर के साथ कोहरे का भी सामना करना होगा।
जम्मू-कश्मीर का मौसम कैसा रहेगा
जम्मू-कश्मीर के ऊपर एक नया पश्चिमी विक्षोभ गुजर रहा है, जिसके प्रभाव से जम्मू, लेह, श्रीनगर और पठानकोट समेत कई ऊंचाई वाले स्थानों पर बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 2 दिन में बारिश और बर्फबारी शुरू हो सकती है। फिलहाल, काजीकुंड में न्यूनतम 3 डिग्री सेल्सियस तापमान पहुंच गया है। इसके अलावा लेह, गुलमर्ग, सोनमर्ग, श्रीनगर में पहले से बर्फबारी के कारण तापमान माइनस की श्रेणी में है। इस नए मौसमी तंत्र के कारण आने वाले दिनों में सर्दी, कोहरा और बर्फबारी में इजाफा देखा जाएगा।
हिमाचल-उत्तराखंड में बर्फबारी का अलर्ट
इस वेदर सिस्टम का प्रभाव अगले 48 घंटों तक रहेगा, जिसका आंशिक प्रभाव हिमाचल प्रदेश के ऊपर भी रहेगा। हालांकि, बारिश का अलर्ट तो नहीं है, लेकिन बर्फबारी से मौसम काफी खुशनुमा हो सकता है। आईएमडी ने लाहौल स्पीति, कुकुमसेरी, ताबो समेत कई इलाकों में न्यूनतम तापमान जमाव बिंदु से नीचे रहने की बात कही है। अगले 24 घंटे के अंदर पहाड़ी जिलों में मौसम करवट लेने वाला है। यहां भी बारिश और बर्फबारी को लेकर संभावना जताई जा रही है, जिससे तापमान तेजी के साथ लुढ़केगा।





