भिलाई। सीबीएसई ने 12वीं के बाद कक्षा 10वीं के परीक्षा परिणाम भी जारी कर दिए हैं। 10वीं कक्षा का परीक्षा परिणाम 93.66 फीसदी रहा। छात्राओं ने छात्रों की तुलना में अच्छा प्रदर्शन किया है। इस वर्ष छात्राओं का उत्तीर्ण प्रतिशत 95.00% रहा। वहीं, छात्रों का उत्तीर्ण प्रतिशत 92.63% रहा।

CBSE 10वीं में इस बार छत्तीसगढ़ के स्टूडेंट्स ने दमदार परफॉर्मेंस किया है। प्रदेश में कुल 90.52 फीसदी छात्र पास हुए हैं। खास बात यह रही कि, 12वीं की तरह 10वीं में भी लड़कियों का रिजल्ट लड़कों से बेहतर रहा। जो भी छात्र 10वीं की वार्षित परीक्षा में शामिल हुए थे, वे अब बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइटों, cbse.gov.in, results.cbse.nic.in, cbseresults.nic.in पर जाकर अपना रिजल्ट देख सकते हैं।

CBSE के मुताबिक, छत्तीसगढ़ में इस साल 10वीं बोर्ड परीक्षा के लिए 38,728 छात्र-छात्राएं रजिस्टर्ड हुए थे। इनमें से 34,481 स्टूडेंट्स परीक्षा में शामिल हुए। इनमें 20,385 लड़के और 18,096 लड़कियां शामिल थीं। परीक्षा देने वाले छात्रों में से कुल 34,834 स्टूडेंट्स पास हुए है। इसमें 18,130 लड़के और 16,704 लड़कियां सफल रहीं। ओवरऑल पास प्रतिशत 90.52 फीसदी रहा। लड़कों का पास प्रतिशत 88.94% और लड़कियों का पास प्रतिशत 92.31% रहा। यानी लड़कियों ने इस बार भी बाज़ी मारी है।

छत्तीसगढ़ में इस बार CBSE 10वीं बोर्ड परीक्षा के लिए 571 स्कूल और 162 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। सभी जिलों में शांतिपूर्वक परीक्षाएं हुई थीं। CBSE रिजल्ट के बाद अब छात्र अपने स्कूलों से मार्कशीट प्राप्त कर सकेंगे। इसके अलावा डिजिलॉकर और CBSE की आधिकारिक वेबसाइट पर भी मार्कशीट जल्द अपलोड की जाएगी।
The post 12वीं के बाद सीबीएसई 10वीं के परिणाम भी घोषित : 93.66% रहा परिणाम, CG के 90.52 फीसदी बच्चे पास appeared first on ShreeKanchanpath.