मध्यप्रदेश के मौसम में उतार-चढ़ाव बना हुआ है। शनिवार को भिंड के कुछ हिस्सों में हल्की बूंदाबांदी हुई। वहीं, अन्य शहरों का मौसम शुष्क रहा। भोपाल, इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर और नर्मदापुरम संभाग के जिलों में अधिकतम पारा 36-40 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने बताई बारिश की वजह
भिंड में हुई बारिश के पीछे मौसम विभाग ने नए सिस्टम का सक्रिय होना वजह बताया है। इसके अलावा, देश के पहाड़ी इलाकों में हुई बर्फबारी के कारण राज्य में न्यूनतम तापमान में हल्की गिरावट देखने को मिली।
आईएमडी के अनुसार, पिछले 24 घंटे के दौरान चंबल संभाग के जिलों में बारिश दर्ज की गई। भिंड जिले के अटेर में 1 मिमी बारिश दर्ज की गई।
अधिकतम तापमान में उछाल
इंदौर और उज्जैन संभाग के जिलों में सामान्य से करीब 3 डिग्री सेल्सियस अधिक तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान भिंड, मुरैना, टीकमगढ़, पन्ना, छतरपुर, झाबुआ और रतलाम जिले में बारिश की भविष्यवाणी की है।
नर्मदापुरम सबसे गर्म, शहडोल सबसे ठंडा
- शनिवार को नर्मदापुरम जिला प्रदेश का सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
- कन्नौद, खजुराहो और टीकमगढ़ में तापमान 39.6 डिग्री सेल्सियस रहा। राजगढ़, नौगांव, शिवपुरी और कल्याणपुर में भी तापमान 38 से 39 डिग्री के बीच दर्ज किया गया।
- जबलपुर में 17 डिग्री सेल्सियस सबसे कम तापमान दर्ज हुआ। ग्वालियर में 18.5 डिग्री, उज्जैन में 19 डिग्री, भोपाल में 19.6 डिग्री और इंदौर में 20.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।
- शहडोल जिले के कल्याणपुर शहर में न्यूनतम तापमान 14.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे ठंडा रहा।