जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में 21 वर्षीय महिला की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। शव मिलने और हत्या की पुष्टि होने के 24 घंटे के भीतर पुलिस हत्यारे तक पहुंच गई। दरअसल घटना स्थल पर मिले एक चप्पल के सहारे पुलिस आरोपी तक पहुंची। आरोपी को पुलिस ने रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ से गिरफ्तार किया है। पुलिस पूछताछ में हत्या की जो वजह सामने आई वह भी चौंकाने वाली निकली। बहरहाल पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर धारा 103 के तहत कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया है।
बता दें जशपुर जिल के कांसाबेल थाना अंतर्गत ग्राम शब्दमुंडा के एक खेत से 1 अक्टूबर को 21 वर्षीय महिला का शव मिला। शव पूरी तरह से डीकंपोज्ड हो चुका था। देखने से ऐसा लग रहा था कि महिला की हत्या दो से तीन दिन पहले की गई हो। इस मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। फारेंसिक एक्सपर्ट एवं कार्यपालिक दण्डाधिकारी के समक्ष शव पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया गया। पीएम रिपोर्ट में महिला की हत्या होना पाया गया। इसके बाद पुलिस ने अंधे कत्ल के प्रकरण का सुलझाने का प्रयास शुरू किया।
खेत में मिली थी महिला की डीकंपोज्ड लाश
प्रकरण की गंभीरता को देखते पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह द्वारा डीएसपी विजय सिंह राजपूत के नेतृत्व में टीम गठित कर प्रोफेशनल तरीके से विवेचना कराई गई। पुलिस को घटना स्थल के पास चप्पल मिले जिसे आसपास के ग्रामीणों से पहचान कराया गया। इस दौरान पुलिस के सामने कुछ नाम आए जिनमें से एक युवक कांसी सोनी के संबंध में पता चला। इसके मृतका के कॉल रिकार्ड में भी कासी सोनी से बातचीत का पता चला। इसके बाद पुलिस ने पतासाजी कर कांसी सोनी को धरमजयगढ़ क्षेत्र से हिरासत में लिया।
हत्या नहीं केवल डराना चाहता था युवती को
पुलिस की पूछताछ में आरोपी कासी सोनी ने बताया कि वह महिला की हत्या नहीं करना चाहता था। केवल डराने के इरादे से उसने चाकू दिखाया। इस दौरान छीना झपटी के दौरान चाकू लग गया। आरोपी ने बताया कि मृतका से उसकी जान पहचान थी और अक्सर दोनों बात करते थे। 28 सितंबर को वह मृतका से मिलने गया था और इस दौरान एक चाकू रखा हुआ था। वह महिला को डरा रहा था इस दौरान छीनाझपटी में चाकू से उसके गले में चोट लग गई। इतने में दूर से टॉर्च की रोशनी दिखाई दी जिससे पह डर गया। उसने युवती का मुंह दबाया और पेट में चाकू से वार कर दिया। कुछ देर में ही महिला की मौत हो गई। इसके बाद वह वहां से भाग गया लेकिन उसकी चप्पल वहीं छूट गई।
लिफ्ट लेकर पहुंचा धरमजयगढ़
अंधेरे में वह सड़क पर पहुंचा और लिफ्ट मांगते हुए धर्मजयगढ़ अपने रिश्तेदार के घर छिपा हुआ था। आरोपी कांसी सोनी (25) निवासी चरईडांड़ थाना कुनकुरी के खिलाफ पर्याप्त सबूत पाये जाने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है। प्रकरण की विवेचना में उप पुलिस अधीक्षक विजय सिंह राजपूत, निरीक्षक गौरव पांडेय, उप निरीक्षक अशोक यादव, एएसआई नीता कुर्रे, प्रधान आरक्षक इग्नासियुस एक्का, गोविन्द नायक, आरक्षक सुदीप एक्का, प्रकाश मिंज, कमल शांति, महिला आरक्षक रेणुका टोप्पो इत्यादि की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
The post CG Breaking : एक चप्पल ने पहुंचाया हत्यारे तक, दो दिन पहले मिली थी महिला की लाश… चौंकाने वाली है हत्या की वजह appeared first on ShreeKanchanpath.