गोरखपुरः उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव के पहले दो राजनीतिक परिवारों में बड़ा मिलन हुआ है. दो अलग-अलग दलों से ताल्लुक रखने वाले दो परिवार एक हो गए. समाजवादी पार्टी से ताल्लुक रखने वाले बाहुबली नेता रहे पूर्व मंत्री स्वर्गीय पंडित हरिशंकर तिवारी के छोटे बेटे व चिल्लूपार के पूर्व विधायक सपा नेता विनय शंकर तिवारी के पुत्र कंदर्प शंकर तिवारी की सगाई प्रयागराज के बाहुबली भाजपा नेता उदयभान करवरिया की बेटी से हुई है.
सगाई के कार्यक्रम को दोनों परिवारों ने रखा सीक्रेट
विनय शंकर तिवारी जहां समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव हैं, पार्टी के बड़े ब्राह्मण चेहरे हैं और वह चिल्लूपार से टिकट की दावेदारी कर रहे हैं तो वहीं प्रयागराज की मेजा विधानसभा सीट से भाजपा नेता उदयभान करवरिया भी तैयारी कर रहे हैं. उदयभान करवरिया अभी हाल के दिनों में जेल से छुटे हैं, जब राज्यपाल ने उनकी सजा को माफ किया था. इस रिश्ते को दोनों परिवारों ने बेहद गोपनीय रखा.
देहरादून में हुई सगाई
सगाई के बाद शादी का कार्यक्रम अब विधानसभा चुनाव के बाद संभावित है. विनय शंकर के बेटे कंदर्प शंकर तिवारी व उदयभान करवरिया की बेटी साक्षी ने देहरादून में आयोजित पारिवारिक कार्यक्रम में सगाई की. दोनों राजनीतिक परिवार दो अलग-अलग धड़ों से जुड़े हुए हैं. उदयभान करवरिया, जहां 2002 और 2007 में भाजपा के विधायक रहे. जेल से छूटने के बाद 12 नवंबर को रामपुर करछना में बड़ा शक्ति प्रदर्शन कर अपनी राजनीतिक प्रभाव को दिखाया था और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंच से खूब तारीफ की थी. तो वहीं समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव 18 नवंबर को जब गोरखपुर पहुंचे तब वह धर्मशाला बाजार स्थित तिवारी हाता भी गए.आज भी गोरखपुर में मशहूर है तिवारी हाता
वहां पर प्रदेश सरकार पर जमकर हमला बोला और ब्राह्मण सियासत करते हुए कहा कि कुछ लोगों को हाता नहीं भाता. तिवारी परिवार के साथ लगभग 1 घंटे अखिलेश यादव रहे. सपा के राष्ट्रीय सचिव विनय शंकर तिवारी के पिता स्वर्गीय हरिशंकर तिवारी को पूर्वांचल का बड़ा बाहुबली और ब्राह्मण नेता माना जाता था और धर्मशाला स्थित उनके आवास को आज भी तिवारी हाता के नाम से जाना जाता है.





