*अवैध धान भंडारण पर खाद्य विभाग और मंडी की संयुक्त टीम की कार्रवाई, 50 क्विंटल धान जब्त*
*दो व्यापारियों के गोदाम एवं परिसरों में मिला अवैध रूप से भंडारित धान, मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई जारी*
*कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति के निर्देश पर हो रही लगातार कार्रवाई*
कवर्धा, अक्टूबर 2026। कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति के निर्देशानुसार जिले में अवैध धान भंडारण एवं अनियमितताओं पर अंकुश लगाने के लिए खाद्य विभाग और कृषि उपज मंडी समिति द्वारा लगातार निगरानी की जा रही है। इसी कड़ी में आज खाद्य विभाग एवं कृषि उपज मंडी समिति की संयुक्त टीम ने आकस्मिक निरीक्षण कर अवैध धान भंडारण के विरुद्ध कार्रवाई की।
संयुक्त जांच के दौरान दो व्यापारियों के गोदाम एवं परिसरों में अवैध रूप से भंडारित धान पाया गया। टीम ने कार्रवाई करते हुए कुल 50 क्विंटल धान जब्त किया। साथ ही मंडी अधिनियम के सुसंगत प्रावधानों के तहत जब्ती प्रकरण दर्ज किया गया है। मामले में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है। कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने धान के अवैध भंडारण एवं खरीदी-बिक्री में अनियमितता पर प्रभावी निगरानी रखने तथा ऐसी गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।





