*युवा एवं छूटे हुए मतदाताओं के पंजीकरण के लिए चलेगा विशेष अभियान*
*कक्षा 9वीं से 12वीं तक के स्कूलों एवं उच्च शैक्षणिक संस्थानों में लगाए जाएंगे विशेष कैम्प*
कवर्धा, अक्टूबर 2026। भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली के निर्देशानुसार जिले में छूटे हुए तथा पहली बार मतदाता बनने वाले युवा मतदाताओं के पंजीकरण के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत मतदाता सूची में वर्तमान में अपंजीकृत व्यक्ति अथवा जिनका नाम मतदाता सूची से हट गया है, ऐसे पात्र व्यक्ति अपना नाम मतदाता सूची में पंजीकृत कराने के लिए आवेदन कर सकेंगे।
जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा अभियान के अंतर्गत पात्र मतदाताओं का चिन्हांकन कर उनका मतदाता सूची में पंजीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए स्वीप कार्ययोजना के तहत जिले में व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति मतदाता सूची में पंजीकरण से वंचित न रहे।
स्कूल-कॉलेजों में लगाए जाएंगे विशेष कैम्प
जिले के कक्षा 9वीं से 12वीं तक के सभी स्कूलों तथा समस्त उच्च शैक्षणिक संस्थानों में पात्र युवा एवं भावी मतदाताओं के पंजीकरण के लिए विशेष कैम्प आयोजित किए जाएंगे। संबंधित क्षेत्र के बूथ लेवल अधिकारी द्वारा स्कूलों एवं कॉलेजों में गठित इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब के माध्यम से युवा मतदाताओं को मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी तथा पात्र युवाओं को पंजीकरण के लिए प्रेरित किया जाएगा। जिला निर्वाचन कार्यालय ने सभी संबंधित शैक्षणिक संस्थानों को निर्देशित किया है कि विशेष कैम्प का आयोजन कर पात्र युवा मतदाताओं का चिन्हांकन एवं पंजीकरण सुनिश्चित करें। साथ ही कैम्प के माध्यम से की गई कार्यवाही की जानकारी संबंधित अधिकारियों को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। जिला निर्वाचन कार्यालय ने जिले के पात्र नागरिकों, विशेषकर पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं से अपील की है कि वे मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए इस विशेष अभियान का लाभ उठाएं और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।





