*बच्चों की खुशियों में सहभागी बने समाज, 5 अक्टूबर को जिले में होगा खिलौना संग्रह अभियान*
*सेवा संकल्प अभियान के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए शुरू किया गया खिलौना बैंक*
कवर्धा, अक्टूबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले के आंगनबाड़ी केंद्रों में 3 से 6 वर्ष तक के बच्चों के लिए अतिरिक्त खेल सामग्री उपलब्ध कराने तथा बच्चों की खुशियों में समुदाय की भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से “खिलौना बैंक” के लिए खिलौना संग्रह अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के माध्यम से आम नागरिकों से स्वेच्छा से बच्चों के लिए खिलौने एवं खेल सामग्री उपलब्ध कराने की अपील की गई है।
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा बताया गया कि शासन की ओर से प्रत्येक वर्ष आंगनबाड़ी केंद्रों को प्री-स्कूल किट सामग्री उपलब्ध कराई जाती है। इसके साथ ही स्थानीय संसाधनों जैसे कपड़े, मिट्टी, कागज, गत्ते आदि से खिलौने तैयार करना भी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसका उद्देश्य बच्चों को नियमित रूप से खेल-खेल में सीखने के अवसर उपलब्ध कराना और उनकी सृजनात्मकता को बढ़ावा देना है।
आंगनबाड़ी केंद्रों में उपलब्ध एवं स्थानीय स्तर पर तैयार किए गए खिलौनों का बच्चे नियमित रूप से उपयोग करते हैं। खेल-खेल में इन खिलौनों के टूटने-फूटने के कारण केंद्रों में अतिरिक्त खेल सामग्री की आवश्यकता बनी रहती है। इसी आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए सेवा संकल्प अभियान के तहत “खिलौना बैंक” की पहल की गई है।
बच्चों की खुशी में सहभागी बनने का अवसर
खिलौना संग्रह अभियान का उद्देश्य केवल खिलौने एकत्र करना नहीं, बल्कि बच्चों के विकास एवं खुशियों में समुदाय को सहभागी बनाना है। नागरिकों से अपील की गई है कि यदि वे स्वेच्छा से 3 से 6 वर्ष के बच्चों के लिए उपयोगी एवं सुरक्षित खिलौने या खेल सामग्री देना चाहते हैं, तो इस अभियान में जरूर सहयोग करें। दान किए गए खिलौनों एवं खेल सामग्री का उपयोग आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों की आयु एवं आवश्यकता के अनुरूप किया जाएगा। इससे बच्चों को खेल-खेल में सीखने, अपनी कल्पनाशक्ति एवं सृजनात्मकता को विकसित करने के लिए बेहतर अवसर मिलेंगे।
5 अक्टूबर को नगरीय निकायों में लगाए जाएंगे खिलौना संग्रह काउंटर
खिलौना संग्रह अभियान के तहत 5 अक्टूबर 2026 को जिले के सभी नगरीय निकायों में खिलौने एवं खेल सामग्री प्राप्त करने के लिए विशेष काउंटर लगाए जाएंगे। कवर्धा शहर में खिलौना संग्रह काउंटर पीजी कॉलेज ऑडिटोरियम में लगाया जाएगा।





