नारायणपुर। जिले में सुरक्षा बलों का सर्चिंग अभियान लगातार जारी है। इस अभियान के दौरान जवानों को एक बड़ी सफलता मिली है। अदनार के जंगल में नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया पुराना हथियार डंप बरामद किया गया है। यहां से 10 राइफल, बीजीएल शेल, कारतूस और करीब दो किलो विस्फोटक जब्त किया गया है।
अधिकारियों के अनुसार, नारायणपुर पुलिस और बीएसएफ की संयुक्त टीम सर्चिंग अभियान पर निकली थी। इसी दौरान अदनार के जंगल में नक्सलियों द्वारा वर्षों पहले छिपाकर रखे गए हथियार और अन्य सामग्री बरामद हुई।
बताया गया कि नक्सलियों ने सुरक्षा बलों से मुठभेड़ और अन्य गतिविधियों के लिए अलग-अलग स्थानों पर हथियार और विस्फोटक सामग्री छिपाकर रखी थी। नक्सली गतिविधियों में कमी आने और कई नक्सलियों के मुख्यधारा में लौटने के बावजूद सुरक्षा बलों का सर्चिंग अभियान लगातार जारी है। सुरक्षा बलों द्वारा नक्सल प्रभावित इलाकों में लगातार तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान नक्सलियों द्वारा पहले से डंप कर छिपाई गई हथियार और विस्फोटक सामग्री लगातार बरामद की जा रही है।
The post नारायणपुर के जंगल में मिला नक्सलियों का हथियार डंप, 10 राइफल और 2 किलो विस्फोटक जब्त appeared first on ShreeKanchanpath.

