*
*“रात में हादसों का कारण बन रहे गौवंश को अब दूर से पहचानेंगे वाहन चालक, पोडी पुलिस ने बांधे रेडियम बेल्ट”*
*सड़क दुर्घटना से आमजन को सुरक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से कबीरधाम पुलिस का अभियान है, लगातार जारी।*
कबीरधाम जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में सड़क पर बैठे एवं विचरण करने वाले गौवंश तथा अन्य मवेशियों के कारण होने वाली सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, वाहन चालकों एवं राहगीरों की सुरक्षा तथा बेजुबान पशुओं के जीवन की रक्षा को ध्यान में रखते हुए चौकी पोड़ी पुलिस द्वारा जनसहभागिता से विशेष पहल की गई। इस दौरान सड़क पर बैठे गौवंश के गले में रेडियम बेल्ट लगाए गए।
कबीरधाम पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री हेमसागर सिदार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अमित पटेल के मार्गदर्शन में कबीरधाम, पुलिस के द्वारा यह अभियान अलग अलग थाना/चौकी यातायात पुलिस के द्वारा चलाया जा रहा है।
इसी तारतम्य में दिनांक-21-08-2026 को रात्रि में चौकी पोडी प्रभारी निरीक्षक श्री राकेश कुमार के नेतृत्व में चौकी पुलिस स्टाफ, गौसेवकों एवं सम्माननीय नागरिक गण की संयुक्त टीम द्वारा क्षेत्र के हाईवे रोड पर बैठे गौवंश को रेडियम बेल्ट पहनाया गया।
*रात्रि में दूर से नजर आएंगे गौवंश* रात्रि के समय सड़क पर बैठे मवेशी कम रोशनी एवं बारिश के दौरान वाहन चालकों को समय पर दिखाई नहीं देते, जिससे अचानक टक्कर होने की संभावना बनी रहती है। ऐसे हादसों में वाहन चालक एवं राहगीरों के साथ बेजुबान पशुओं की जान भी खतरे में पड़ती है।
रेडियम बेल्ट पर वाहन की हेडलाइट पड़ते ही वह चमकने लगता है, जिससे सड़क पर मौजूद गौवंश वाहन चालक को दूर से ही दिखाई दे जाता है। इससे चालक समय रहते वाहन की गति नियंत्रित कर सकता है और संभावित दुर्घटना को टाला जा सकता है।
*हादसा होने के बाद कार्रवाई से बेहतर, पहले से रोकथाम पर जोर*
पोड़ी पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य सड़क दुर्घटना होने के बाद कार्रवाई करने के बजाय दुर्घटना की संभावित वजहों को पहले ही चिन्हित कर उन्हें रोकने का प्रयास करना है। जनसुरक्षा के साथ पशु सुरक्षा को भी प्राथमिकता देते हुए पुलिस द्वारा आमजन, पशुपालकों एवं गौसेवकों को इस अभियान से जोड़ा गया है।
पुलिस ने पशुपालकों से अपील की है कि वे अपने मवेशियों को खुले में सड़क पर न छोड़ें। सड़क पर बैठे या विचरण करते गौवंश एवं अन्य मवेशियों को देखकर उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने में सहयोग करें। सड़क सुरक्षा के लिए पुलिस के साथ समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता आवश्यक है।
इस जनहितकारी अभियान में श्री वेद साहू, श्री दीपेश साहू, श्री जितेश निर्मलकर, श्री लल्ला यादव, श्री प्रमोद साहू, डॉ. गोपाल चंद्रवंशी एवं श्रीप्रकाश साहू सहित क्षेत्र के गौसेवकों एवं सम्माननीय नागरिक गण का सराहनीय सहयोग रहा।





