*निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समय-सीमा का रखें विशेष ध्यान– कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति*
*कलेक्टर ने नालंदा लाइब्रेरी, मेडिकल कॉलेज भवन और साइंस पार्क का किया निरीक्षण, निर्माण कार्यों की प्रगति की ली जानकारी*
कवर्धा, अगस्त 2026। कबीरधाम जिले की नवपदस्थ कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने आज शहर में चल रहे विभिन्न शैक्षणिक एवं ज्ञान-विज्ञान से जुड़े निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माणाधीन नालंदा लाइब्रेरी, निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज भवन, नए सत्र से प्रारंभ होने वाले मेडिकल कॉलेज भवन परिसर तथा ऊर्जा पार्क में बच्चों के लिए बनाए जा रहे साइंस पार्क का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता, डिजाइन और समय-सीमा की जानकारी ली तथा सभी कार्यों को गुणवत्तापूर्ण तरीके से निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश दिए। इस दौरान एसडीएम श्री चेतन साहू, तहसीलदार श्री परमेश्वर मंडावी, सीएमओ सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
*नालंदा लाइब्रेरी के निर्माण कार्य का किया निरीक्षण*
कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने निर्माणाधीन नालंदा लाइब्रेरी का निरीक्षण कर स्ट्रक्चर डिजाइन, एलिवेशन और निर्माण कार्यों की प्रगति का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से स्लैब की तैयारी, निर्माण में लगे श्रमिकों की संख्या तथा कार्य की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। बताया गया कि भवन में कुल 250 सीटों की व्यवस्था होगी, जिसमें नीचे 100 तथा ऊपर 150 सीटें प्रस्तावित हैं। कलेक्टर ने भवन की छत के स्लोप का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए, ताकि बारिश का पानी छत पर जमा न हो। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न हो और कार्य को निर्धारित समय-सीमा में पूरा किया जाए। उन्होंने लाइब्रेरी में आधुनिक सुविधाओं के साथ डिजिटल लाइब्रेरी की संभावनाओं के निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों को अध्ययन के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
*मेडिकल कॉलेज भवन के निर्माण कार्यों की ली जानकारी*
कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज भवन का निरीक्षण किया। उन्होंने भवन के डिजाइन एवं एलिवेशन का अवलोकन किया तथा प्रजेंटेशन के माध्यम से प्रस्तावित संरचना और निर्माण कार्यों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने निर्माण की गुणवत्ता और वर्तमान प्रगति का जायजा लेते हुए कार्य को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। परिसर में हरियाली और बेहतर वातावरण के लिए फलदार पौधे लगाने के निर्देश भी दिए।
*ऊर्जा पार्क में बन रहे साइंस पार्क का किया निरीक्षण*
कलेक्टर ने ऊर्जा पार्क में बच्चों के लिए बनाए जा रहे साइंस पार्क का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी लेते हुए इसे शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने परिसर में साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने तथा आवश्यक व्यवस्थाएं बेहतर रखने के निर्देश दिए। साइंस पार्क में बच्चों को विज्ञान के विभिन्न सिद्धांतों को सरल एवं रोचक तरीके से समझाने के लिए विभिन्न वैज्ञानिक मॉडलों की स्थापना की जा रही है। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को शेष कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने तथा लगभग एक सप्ताह के भीतर आवश्यक कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।





