छत्तीसगढ़

बीजापुर से “साइबर जागृति अभियान” का शुभारंभ, 15 अगस्त से 2 अक्टूबर तक चलेगा जन-जागरण अभियान

*विभाजन की पीड़ा से एकजुट भारत के संकल्प तक: उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा*

*बीजापुर से “साइबर जागृति अभियान” का शुभारंभ, 15 अगस्त से 2 अक्टूबर तक चलेगा जन-जागरण अभियान*

कवर्धा,  अगस्त 2026/ विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री श्री विजय शर्मा ने देश के विभाजन की पीड़ा को स्मरण करते हुए युवाओं से इतिहास से सीख लेकर भारत की एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यह दिवस केवल अतीत को याद करने का नहीं, बल्कि एक मजबूत और एकजुट भारत के निर्माण का संकल्प लेने का अवसर है।

उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने कहा कि देश का विभाजन राजनीतिक परिस्थितियों का परिणाम था, जिसकी कीमत करोड़ों लोगों ने विस्थापन, पीड़ा और संघर्ष के रूप में चुकाई। इसलिए नई पीढ़ी को इतिहास की सच्चाइयों को समझना चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसे हालात दोबारा न बनें। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय एकता और सामाजिक सद्भाव ही देश की सबसे बड़ी ताकत है।

उन्होंने छत्तीसगढ़ के वीर जवानों के शौर्य और बलिदान का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश के सैनिकों ने देश की सुरक्षा और सम्मान के लिए हमेशा महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनका साहस और राष्ट्रसेवा आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

*साइबर अपराध के खिलाफ जन-जागरण अभियान*

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने बीजापुर से छत्तीसगढ़ पुलिस के “साइबर जागृति अभियान” का शुभारंभ किया। यह अभियान 15 अगस्त से 2 अक्टूबर 2026 तक पूरे प्रदेश में चलाया जाएगा। इसका उद्देश्य नागरिकों को साइबर अपराध से बचाव के प्रति जागरूक करना और डिजिटल सुरक्षा को जन-अभियान का स्वरूप देना है।

उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने कहा कि डिजिटल युग में जागरूकता ही साइबर अपराध से बचने का सबसे प्रभावी उपाय है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे “साइबर जागृति” अभियान से जुड़ें, अभियान की सेल्फी लेकर अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा करें और अधिक से अधिक लोगों तक साइबर सुरक्षा का संदेश पहुंचाएं।

उन्होंने कहा कि एक सेल्फी केवल तस्वीर नहीं, बल्कि साइबर अपराध के खिलाफ जागरूकता का संदेश है। जब अधिक से अधिक नागरिक इस अभियान में शामिल होंगे, तो समाज में डिजिटल सुरक्षा के प्रति व्यापक जागरूकता विकसित होगी।

*एकता, शांति और विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा छत्तीसगढ़*

वन एवं बीजापुर जिले के प्रभारी मंत्री श्री केदार कश्यप ने कहा कि विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस हमें राष्ट्रीय एकता और अखंडता के महत्व का स्मरण कराता है। इतिहास की त्रासदियों से सीख लेकर हमें देश की एकता और सामाजिक समरसता को और मजबूत करना होगा।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ आज सशस्त्र माओवाद के अंत की दिशा में निर्णायक दौर से गुजर रहा है। सरकार, सुरक्षा बलों और जनता के संयुक्त प्रयासों से प्रदेश में शांति और विकास का वातावरण मजबूत हुआ है। बस्तर सहित पूरे छत्तीसगढ़ में शांति स्थापित कर विकास की मुख्यधारा को और गति देना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

कार्यक्रम में बस्तर सांसद श्री महेश कश्यप, दंतेवाड़ा विधायक श्री चैतराम अटामी, पूर्व मंत्री श्री महेश गागड़ा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती जानकी कोरसा, कलेक्टर श्री विश्वदीप, पुलिस अधीक्षक श्री उमेश प्रसाद गुप्ता, डीएफओ श्री सागर जाधव, उपनिदेशक इंद्रावती टाइगर रिजर्व श्री संदीप बलगा, सीईओ जिला पंचायत श्रीमती नम्रता चौबे सहित जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

छत्तीसगढ़ पुलिस ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि वे “साइबर जागृति अभियान” से जुड़कर जागरूक बनें, सुरक्षित रहें और साइबर अपराध के खिलाफ इस जन-जागरण अभियान को सफल बनाएं।

Manoj Mishra

Editor in Chief

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button