रायपुर। राज्य शासन ने भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के वरिष्ठ अधिकारी बद्रीनारायण मीणा को बस्तर रेंज का नया पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) नियुक्त किया है। गृह (पुलिस) विभाग मंत्रालय, महानदी भवन, नवा रायपुर अटल नगर द्वारा गुरुवार को इस संबंध में आदेश जारी किया गया।जारी आदेश के अनुसार, आईपीएस अधिकारी बद्रीनारायण मीणा (बैच 2004), जो वर्तमान में पुलिस मुख्यालय नवा रायपुर में पुलिस महानिरीक्षक के पद पर पदस्थ हैं, उन्हें अस्थायी रूप से आगामी आदेश तक पुलिस महानिरीक्षक, बस्तर रेंज, जगदलपुर के पद पर पदस्थ किया गया है।
जानिए कौन है बद्री नारायण मीणा
बद्रीनारायण मीणा छत्तीसगढ़ कैडर के 2004 बैच के आईपीएस है। वे मूल रूप से राजस्थान राज्य की राजधानी जयपुर के रहने वाले है। उनका जन्म जयपुर में 31 मई 1980 को हुआ है। उनके पिता जनगणना विभाग में कार्यरत थे। बद्री नारायण मीणा से बड़े उनके एक भाई व तीन बहन है।
भाई भी अफसर
बद्री नारायण मीणा के बड़े भाई श्रवण मीणा उन्हीं के साथ यूपीएससी क्रैक कर 2004 बैच के आईपीएस ऑफिसर थे। पर बाद में उन्होंने फिर से यूपीएससी दिलाकर भारतीय राजस्व सेवा आयकर विभाग की नौकरी ज्वाइन कर ली। जयपुर के ही सनफ्लावर पब्लिक स्कूल से बद्री नारायण मीणा ने दसवीं तक शिक्षा ग्रहण की। राजकीय उच्चतर माध्यमिक शासकीय विद्यालय पोद्दार से उन्होंने ग्यारहवीं व बारहवीं उत्तीर्ण की। 12वीं के बाद उन्होंने जयपुर के ही राजस्थान कॉलेज से सन 2000 में ग्रेजुएशन पुरी कर बैचलर ऑफ़ आर्ट्स की डिग्री प्राप्त की।





