छत्तीसगढ़

मरीजों से सीधे संवाद कर आयुष्मान कार्ड के लाभ और उपयोग की ली जानकारी*

*आयुष्मान कार्ड से मिल रहे इलाज का जायजा लेने कलेक्टर पहुंचे रूप जीवन हॉस्पिटल*

*मरीजों से सीधे संवाद कर आयुष्मान कार्ड के लाभ और उपयोग की ली जानकारी*

*ओपीडी में आने वाले सभी पात्र लोगों का तत्काल आयुष्मान कार्ड बनाने के दिए निर्देश*

*आयुष्मान कार्ड से कोई भी पात्र मरीज वंचित न रहे-कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा*

कवर्धा, मई 2026। जिले के अस्पताल में आयुष्मान कार्ड से मिल रहे इलाज का जायजा लेने और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा ने आज कवर्धा स्थित रूप जीवन हॉस्पिटल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में भर्ती एवं उपचार करा रहे मरीजों से सीधे बातचीत कर आयुष्मान कार्ड के उपयोग, उपचार में मिलने वाली सुविधाओं तथा योजना के लाभ की जानकारी ली। कलेक्टर श्री वर्मा ने अस्पताल पहुंचे मरीजों और उनके परिजनों से पूछा कि उन्हें आयुष्मान कार्ड से उपचार का लाभ मिल रहा है या नहीं। उन्होंने मरीजों को उपचार के दौरान आयुष्मान कार्ड साथ लाने की जानकारी दी, ताकि इलाज में किसी प्रकार की परेशानी न हो। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मरीजों की आवश्यकताओं और अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं की भी जानकारी ली।
कलेक्टर श्री वर्मा ने कहा कि आयुष्मान कार्ड का लाभ सभी पात्र मरीजों तक पहुंचना चाहिए और कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति योजना से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि जिले में शत-प्रतिशत आयुष्मान कार्ड बनाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि अस्पताल की ओपीडी में आने वाले ऐसे मरीज, जिनका आयुष्मान कार्ड अभी तक नहीं बना है, उनका तत्काल कार्ड बनाया जाए। जब भी कोई पेशेंट हॉस्पिटल आता है, तो अस्पताल प्रबंधन की यह जिम्मेदारी है कि वह मरीज और उसके परिजनों को आयुष्मान कार्ड साथ में लाने की जानकारी दे और जागरूक करे कि इसी कार्ड से उनका निःशुल्क इलाज होगा। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने ग्राम घूघरी निवासी राजेश सहित अन्य मरीजों से चर्चा कर आयुष्मान कार्ड और उपचार संबंधी जानकारी प्राप्त की।
कलेक्टर श्री वर्मा ने अस्पताल के आपातकालीन वार्ड का भी निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में आयुष्मान योजना का लाभ सही तरीके से मिल रहा है या नहीं, इसकी नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अस्पताल आने वाले प्रत्येक पात्र मरीज का आयुष्मान कार्ड बनाकर उन्हें योजना से लाभान्वित करना सुनिश्चित करें, ताकि जरूरत के समय आर्थिक अभाव उपचार में बाधा न बने। निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर श्री विनय पोयाम, एसडीएम श्री चेतन साहू, सीएमएचओ डॉ तूरे, तहसीलदार श्री परमेश्वर मांडवी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Manoj Mishra

Editor in Chief

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button