देश दुनिया

सिंधिया परिवार निगम का कर्जदार, 33.32 लाख का कर बकाया, ‘माधवराव’ के जन्मदिन पर आई सूची ने बढ़ाई हलचल

ग्वालियर नगर निगम ने शहर के बड़े बकायादारों की सूची जारी की, जिससे सियासी हलकों में हलचल मच गई. इसकी वजह सूची में शामिल एक नाम है, और वह नाम है कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और भारत सरकार में कई मंत्रालय संभाल चुके स्व. माधवराव सिंधिया का. जिनके बेटे ज्योतिरादित्य सिंधया (Jyotiraditya Scindia Family Property Tax) वर्तमान में केंद्र की मोदी सरकार में मंत्री है. दरअसल, मार्च का महीना चल रहा है और इस दौरान राजस्व वसूली पर जोर रहता है. ग्वालियर नगर निगम की आर्थिक स्थिति भी इस समय बेहद खराब बताई जा रही है. यहां तक कि वेतन और वेंडरों के भुगतान में भी दिक्कतें आ रही हैं. इससे उबरने के लिए हाल ही में संपत्ति कर वसूली को तेज करने को लेकर एक बैठक भी की गई थी, जिसमें बड़े बकायादारों की सूची तैयार करने का फैसला लिया गया था. 9 मार्च की रात ऐसी ही एक सूची तैयार कर नगर निगम अधिकारियों के आंतरिक व्हाट्सऐप ग्रुप में डाली गई. इसमें शहर के कई प्रतिष्ठित लोगों और सरकारी संस्थानों के नाम शामिल थे. सिंधिया परिवार का नाम होने के कारण यह सूची ग्रुप से बाहर आ गई और फिर वायरल हो गई, जिसके बाद सियासी हलकों में बवाल मच गया.

6 मार्च को हुई बैठक में उठा था संपत्ति कर का मुद्दा

गौरतलब है कि 6 मार्च को हुई नगर निगम परिषद की बैठक में भी कांग्रेस पार्षद प्रमोद खरे ने संपत्ति कर का मुद्दा उठाया था. उन्होंने पूछा था कि कटोरा ताल के सामने बनी दुकानों का टैक्स आया है या नहीं. साथ ही जयविलास पैलेस का टैक्स कब और कितना जमा हुआ, इसकी भी जानकारी मांगी थी. उन्होंने कहा था कि शहर में कई ऐसी संपत्तियां हैं, जिनका टैक्स नहीं आया है, लेकिन भाजपा ऐसे मामलों पर बोलना नहीं चाहती. इस पर भाजपा पार्षद दल के नेता हरि पाल डिफेंसिव मोड में आ गए थे और उन्होंने कहा था कि अगर, कांग्रेस पार्षद के पास जानकारी है तो वे ही बता दें कि जयविलास पैलेस या अन्य संपत्तियों का टैक्स नहीं आ रहा तो उसकी पूर्ति की जाएगी.

ये हैं बड़े बकायादारों के नाम और संस्थान (राशि रुपए में)

  • कैंसर हॉस्पिटल- 51,94,30,470
  • ग्वालियर एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी- 2,93,08,434
  • पीडब्ल्यूडी कलेक्टर बंगला- 46,83,733
  • पीडब्ल्यूडी- 33,83,427
  • श्रीमंत माधवराव सिंधिया- 33,32,719
  • सिविल हॉस्पिटल हजीरा- 31,77,109
  • जिला पंचायत कार्यालय- 21,28,362
  • कार्यालय मुख्य अभियंता पीडब्ल्यूडी- 20,47,231
  • लक्ष्मीबाई शारीरिक शिक्षण संस्थान- 13,01,203

Manoj Mishra

Editor in Chief

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button