देश दुनिया

इंजीनियर की नौकरी के साथ स्ट्रॉबेरी की खेती, 25 डिसमिल में फसल उगा कर कमा रहे हजारों रुपए

बथना पंचायत के पूर्व मुखिया अमजद अली खान के पुत्र अशद अमजद ने पारंपरिक खेती से अलग हटकर स्ट्रॉबेरी की खेती शुरू कर नई पीढ़ी के किसानों को राह दी है। पेशे से इंजीनियर अशद अमजद हरियाणा के गुरुग्राम स्थित एक आईटी कंपनी में कार्यरत हैं, लेकिन आधुनिक खेती के प्रति उनकी रुचि और जमीन से जुड़ाव उन्हें लगातार कुछ नया करने के लिए प्रेरित करता रहा है। अशद ने बताया कि उनके परिवार में पहले से बड़े पैमाने पर पारंपरिक खेती होती रही है। खेती में नया प्रयोग करने की सोच के साथ उन्होंने स्ट्रॉबेरी की खेती शुरू की। इसके तहत उन्होंने अपने खेत के लगभग 0.25 एकड़ क्षेत्र में प्रयोग के तौर पर स्ट्रॉबेरी के पौधे लगाए। इस खेती के लिए उन्होंने महाराष्ट्र के पुणे से करीब तीन हजार पौधे मंगवाए, जिनकी रोपाई सितंबर महीने में की गई। पौधों की खरीद, खेत की तैयारी, ड्रिप सिंचाई व्यवस्था और देखभाल समेत अन्य आवश्यक कार्यों में लगभग एक लाख रुपए की लागत आई।

अशद के अनुसार वर्तमान में उनके खेत से हर तीन दिन पर करीब 30 किलोग्राम स्ट्रॉबेरी की उपज हो रही है। इस ताजा फल की मांग स्थानीय बाजारों में अच्छी है और फिलहाल इसे 700 से 800 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से बेचा जा रहा है। अच्छी कीमत मिलने से इस प्रयोग से संतोषजनक आय भी हो रही है। उन्होंने कहा कि यदि किसान पारंपरिक खेती के साथ फल और सब्जियों की आधुनिक खेती अपनाएं तो कम जमीन में भी बेहतर आमदनी संभव है। स्ट्रॉबेरी जैसी फसल कम समय में अच्छी कमाई का अवसर देती है, बस इसके लिए सही तकनीक और नियमित देखभाल जरूरी है। अशद अमजद का यह प्रयास क्षेत्र के किसानों और युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बन रहा है। उनके इस प्रयोग से आसपास के किसान भी आधुनिक खेती की ओर रुचि दिखा रहे हैं। उनका कहना है कि नई सोच और सही योजना के साथ खेती को भी लाभकारी व्यवसाय बनाया जा सकता है।

Manoj Mishra

Editor in Chief

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button