Blog

छत्तीसगढ़ के स्कूलों में 5 दिसंबर तक ‘महतारी भाखा सम्मान सप्ताह’ का आयोजन

छत्तीसगढ़ी एवं स्थानीय बोलियों के संरक्षण और संवर्धन के लिए होंगी विविध प्रतियोगिताएं

रायपुर। छत्तीसगढ़ी राजभाषा दिवस के उपलक्ष्य में प्रदेश के सभी जिलों के शासकीय विद्यालयों में 27 नवंबर से 5 दिसंबर तक ‘महतारी भाखा सम्मान सप्ताह’ का आयोजन किया जाएगा। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में छत्तीसगढ़ी भाषा, स्थानीय भाषाओं, बोलियों एवं संस्कृति के प्रति जागरूकता, सम्मान और स्वीकार्यता बढ़ाना है। इस संबंध में संस्कृति विभाग द्वारा स्कूल शिक्षा विभाग को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। महतारी भाखा सम्मान सप्ताह के अंतर्गत मिडिल स्कूल, हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्कूल के विद्यार्थियों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी मातृभाषा में अभिव्यक्ति के साथ स्थानीय कला, संस्कृति एवं परंपराओं से जुड़ने का अवसर मिलेगा।

‘महतारी भाखा सम्मान सप्ताह’ प्रतियोगिता होंगी आयोजित

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मिडिल स्कूलों में निबंध प्रतियोगिता तथा 28 नवंबर को छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग द्वारा रायपुर में राज्य स्तरीय छत्तीसगढ़ी दिवस कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसी क्रम में 30 नवंबर को मिडिल स्कूलों में भाषण प्रतियोगिता, 1 दिसंबर को हाई स्कूलों में वाद-विवाद प्रतियोगिता तथा 2 दिसंबर को लोकगीत प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। हायर सेकेंडरी स्कूलों में 3 दिसंबर को निबंध और 4 दिसंबर को भाषण प्रतियोगिता होगी। वहीं 5 दिसंबर को महाविद्यालय स्तर पर वाद-विवाद प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।निबंध प्रतियोगिता के लिए अधिकतम 200 शब्द एवं 45 मिनट की समय-सीमा निर्धारित की गई है। भाषण, वाद-विवाद एवं लोकगीत प्रतियोगिताओं के लिए प्रत्येक प्रतिभागी को अधिकतम पांच मिनट का समय दिया जाएगा। प्रतियोगिताओं के लिए निर्णायक मंडल एवं आयोजन स्थल का चयन स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा किया जाएगा।

विजेता विद्यार्थियों को किया जाएगा पुरस्कृत

प्रदेश के सभी जिलों में मिडिल, हाई एवं हायर सेकेंडरी स्कूल स्तर पर आयोजित प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को संस्कृति विभाग द्वारा प्रशस्ति पत्र एवं प्रमाण पत्र के माध्यम से पुरस्कृत किया जाएगा। आयोजन के दौरान छत्तीसगढ़ी एवं स्थानीय महतारी भाखा की गरिमा और संस्कृति का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही प्रतिदिन आयोजित गतिविधियों, प्रतिभागियों की संख्या एवं विजेता विद्यार्थियों की नामवार जानकारी निर्धारित प्रारूप में संस्कृति विभाग को उपलब्ध कराई जाएगी।

उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग की स्थापना 14 अगस्त 2008 को हुई थी। आयोग द्वारा छत्तीसगढ़ी एवं अन्य स्थानीय भाषाओं और बोलियों के अनुसंधान, दस्तावेज संकलन, साहित्य सृजन, अनुवाद, प्रचार-प्रसार तथा प्रशासनिक कार्य व्यवहार में छत्तीसगढ़ी भाषा के उपयोग को बढ़ावा देने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है। महतारी भाखा सम्मान सप्ताह का आयोजन नई पीढ़ी को अपनी भाषाई एवं सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

The post छत्तीसगढ़ के स्कूलों में 5 दिसंबर तक ‘महतारी भाखा सम्मान सप्ताह’ का आयोजन appeared first on ShreeKanchanpath.

Manoj Mishra

Editor in Chief

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button