छत्तीसगढ़

जनजातीय गौरव दिवस : पहाड़ों की बाधा टूटी, बैगा परिवारों के घर पहुंचा नल से जल

*जनजातीय गौरव दिवस : पहाड़ों की बाधा टूटी, बैगा परिवारों के घर पहुंचा नल से जल*

*जल जीवन मिशन ने बदली वनांचल के कौहापानी गांव की तस्वीर*

*15.73 लाख रुपये की सोलर जलापूर्ति योजना से सभी 9 परिवारों को मिली राहत*

कवर्धा नवंबर 2026। पहाड़ों के बीच बसा छोटा सा गांव, दुर्गम रास्ते और पानी के लिए लंबी दूरी तय करने की मजबूरी। कभी ग्राम कौहापानी के बैगा परिवारों की जिंदगी की यही तस्वीर थी। परिवार की जरूरतों के लिए पानी जुटाना यहां के ग्रामीणों, विशेषकर महिलाओं के लिए रोजाना की चुनौती थी। लेकिन अब हालात बदल चुके हैं। घर के पास लगे नल से पानी मिलने लगा है और वर्षों से चली आ रही पेयजल की परेशानी दूर हो गई है। कबीरधाम जिले के सहसपुर लोहारा विकासखंड के ग्राम पंचायत सिंगारपुर अंतर्गत बैगा जनजाति बहुल ग्राम कौहापानी में जल जीवन मिशन ने ग्रामीणों के जीवन में नई सुविधा और राहत दी है।

कबीरधाम जिला विशेष पिछड़ी बैगा जनजाति की विशिष्ट संस्कृति, परंपराओं और गौरवशाली विरासत का केंद्र है। जिले के वनांचल और पहाड़ी क्षेत्रों में निवासरत बैगा परिवारों तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाना विकास की महत्वपूर्ण प्राथमिकता है। इसी दिशा में जल जीवन मिशन के माध्यम से ग्राम कौहापानी में स्थानीय भौगोलिक परिस्थितियों के अनुरूप सोलर आधारित जलापूर्ति व्यवस्था विकसित की गई है।

*पहाड़ बना था पानी की राह में सबसे बड़ी चुनौती*

ग्राम कौहापानी की भौगोलिक स्थिति ऐसी है कि ग्राम और पंचायत के बीच पहाड़ी भू-भाग स्थित है। इसके कारण ग्रामीणों को पेयजल के लिए दूर स्थित जल स्रोतों पर निर्भर रहना पड़ता था। घर की जरूरतों के लिए पानी लाना प्रतिदिन का जरूरी काम था। महिलाओं को घरेलू जिम्मेदारियों के साथ पानी की व्यवस्था करने में भी काफी समय और मेहनत लगानी पड़ती थी। गांव की छोटी बसाहट और दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण प्रत्येक घर तक पेयजल पहुंचाना भी आसान नहीं था।

*सौर ऊर्जा से तैयार हुई घर-घर जल पहुंचाने की व्यवस्था*

ग्रामीणों की इस समस्या का स्थायी समाधान करने के लिए भारत सरकार की महत्वाकांक्षी जल जीवन मिशन योजना के अंतर्गत 15.73 लाख रुपये की लागत से सोलर आधारित जलापूर्ति योजना तैयार की गई। इसके तहत सौर ऊर्जा से संचालित वाटर सप्लाई सिस्टम, पाइपलाइन नेटवर्क और घरेलू नल कनेक्शन की व्यवस्था विकसित की गई। इस योजना के माध्यम से गांव के सभी 9 घरों तक नल कनेक्शन पहुंचाए गए हैं। अब प्रत्येक परिवार को घर के समीप ही नल से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो रहा है।

*कुन्ती बाई और सुभाऊ बैगा को मिली राहत*

ग्राम निवासी श्रीमती कुन्ती बाई बैगा बताती हैं कि पहले परिवार के लिए पानी लाने दूर जाना पड़ता था। पहाड़ी रास्तों के कारण काफी परेशानी होती थी। अब घर के पास ही नल से पानी मिलने लगा है, जिससे समय और मेहनत दोनों बच रहे हैं। इसी तरह श्री सुभाऊ बैगा बताते हैं कि पहले घरेलू जरूरतों के लिए पानी जुटाना कठिन काम था। अब नल कनेक्शन मिलने से परिवार को बड़ी राहत मिली है और दैनिक कार्य आसानी से हो रहे हैं।

*सभी 9 घरों में नल कनेक्शन, गांव को मिला हर घर जल का प्रमाणन*

जल जीवन मिशन के अंतर्गत ग्राम कौहापानी के शत-प्रतिशत 9 घरों को घरेलू नल कनेक्शन से जोड़ा गया है। गांव को हर घर जल प्रमाणित भी किया जा चुका है। यह उपलब्धि दर्शाती है कि पहाड़ी और वनांचल क्षेत्रों में भी उपयुक्त तकनीक तथा योजनाबद्ध प्रयासों से प्रत्येक ग्रामीण परिवार तक पेयजल सुविधा पहुंचाई जा सकती है।

*जनजातीय परिवारों के जीवन में आया बदलाव*

जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर ग्राम कौहापानी की यह सफलता विशेष महत्व रखती है। स्थानीय भौगोलिक परिस्थितियों के अनुरूप तकनीकी समाधान अपनाकर विशेष पिछड़ी बैगा जनजाति के परिवारों तक भी मूलभूत सुविधाएं पहुंचाई जा सकती हैं। जल जीवन मिशन से अब ग्रामीणों को पानी के लिए पहाड़ी रास्तों पर निर्भर नहीं रहना पड़ता। घर तक पहुंचा नल का जल उनके समय, श्रम और दैनिक जीवन को सुगम बनाने का माध्यम बना है।

Manoj Mishra

Editor in Chief

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button