*15 नवंबर से शुरू होगी समर्थन मूल्य पर धान खरीदी, पहले दिन 192 किसान बेचेंगे 7,250 क्विंटल धान*
*जिले के 1 लाख 31 हजार 265 किसानों ने कराया पंजीयन*
*अब तक 137 उपार्जन केंद्रों में 7266 किसानों ने तुंहर टोकन ऐप से कटाया टोकन*
कवर्धा, नवंबर 2026। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत 15 नवंबर से प्रदेश सहित कबीरधाम जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का शुभारंभ होने जा रहा है। धान खरीदी को लेकर जिले के किसानों में उत्साह का माहौल है। किसान अपनी मेहनत से उपजाए धान को समर्थन मूल्य पर बेचने के लिए तैयार हैं। जिला प्रशासन द्वारा धान खरीदी की सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं, ताकि किसानों को उपज विक्रय के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो और खरीदी का कार्य सुचारू रूप से संपन्न हो सके।
धान खरीदी के पहले दिन के लिए जिले के 192 किसानों ने टोकन कटाया है, जिनके द्वारा कुल 7,250 क्विंटल धान का विक्रय किया जाएगा। वहीं, अब तक जिले के 137 उपार्जन केंद्रों में 7,266 किसानों ने तुंहर टोकन ऐप के माध्यम से अपना टोकन कटाया है। इन किसानों द्वारा कुल 3,84,202.70 क्विंटल धान का विक्रय किया जाना है। जिला प्रशासन द्वारा धान खरीदी केंद्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है। किसानों को पारदर्शी, सुगम और व्यवस्थित तरीके से धान विक्रय की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए सभी संबंधित विभागों एवं अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।
*एक लाख से अधिक किसानों ने कराया पंजीयन*
कबीरधाम जिले में इस खरीफ विपणन वर्ष में कुल 1 लाख 31 हजार 265 किसानों ने समर्थन मूल्य पर धान विक्रय के लिए पंजीयन कराया है। इन किसानों का कुल पंजीकृत रकबा 1,16,953.89 हेक्टेयर है। बड़ी संख्या में किसानों के पंजीयन से जिले में धान खरीदी को लेकर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।
*तुंहर टोकन ऐप से घर बैठे टोकन काटने की सुविधा*
किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए तुंहर टोकन ऐप के माध्यम से टोकन काटने की व्यवस्था की गई है। किसान 15 नवंबर से 15 जनवरी तक अपनी सुविधानुसार कभी भी ऐप के माध्यम से टोकन प्राप्त कर सकते हैं। इससे किसानों को टोकन के लिए उपार्जन केंद्रों के अनावश्यक चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं होगी और वे निर्धारित तिथि पर अपना धान विक्रय कर सकेंगे।





