संगीतकार अनिरुद्ध रविचंदर इन दिनों अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर सुर्खियां बटोर रहे हैं। अनिरुद्ध रविचंदर सनराइजर्स हैदराबाद की CEO काव्या मारन से शादी करने जा रहे हैं। इनकी शादी के फंक्शन 10 और 11 नवंबर को ग्रीस में होंगे। दोनों की ग्रैंड वेडिंग की तैयारियां जोरों पर हैं। पिछले दिनों काव्या मारन के पिता और सन ग्रुप के चेयरमैन कलानिधि मारन और उनकी पत्नी कावेरी मारन तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी को शादी का निमंत्रण पत्र देने पहुंचे थे, जिसकी तस्वीरें सीएम ए रेवंत रेड्डी ने खुद शेयर की थीं। अब ग्रीस में होने जा रही इस ग्रैंड वेडिंग की तैयारियों के बीच मेहमान भी ग्रीस के लिए रवाना होने लगे हैं। इस शाही शादी में कई वीआईपी चेहरे शामिल होने वाले हैं। अनिरुद्ध रविचंदर के फूफा और सुपरस्टार रजनीकांत भी उनकी शादी में शामिल होने के लिए ग्रीस रवाना हो गए हैं।
ग्रीस रवाना हुए रजनीकांत
सुपरस्टार रजनीकांत अपने भतीजे और अपनी फिल्म ‘जेलर 2’ के संगीतकार अनिरुद्ध रविचंदर और काव्या मारन की शादी में शामिल होने के लिए ग्रीस रवाना हो चुके हैं। चेन्नई एयरपोर्ट से रजनीकांत के निकलने का एक वीडियो ऑनलाइन वायरल हो रहा है। वहीं एक तस्वीर में वह फ्लाइट के अंदर फ्लाइट क्रू के साथ फोटो के लिए पोज देते नजर आ रहे हैं। रजनीकांत के अलावा तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री और DMK अध्यक्ष एम.के. स्टालिन को भी बेटे उदयनिधि स्टालिन के साथ चेन्नई एयरपोर्ट पर देखा गया, जहां से वह दुबई के लिए रवाना हुए हैं। बताया जा रहा है कि वे ग्रीस में एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे हैं। दोनों नेता सोमवार सुबह चेन्नई से रवाना हुए, जहां से उनके दुबई के रास्ते ग्रीस जाने की उम्मीद है
काव्या मारन-अनिरुद्ध रविचंदर की शादी और रिसेप्शन
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, काव्या मारन और अनिरुद्ध रविचंदर की शादी से जुड़े कार्यक्रम 10 और 11 नवंबर को होंगे। हालांकि, अब तक विदेश में शादी की योजना और इससे जुड़ी तारीखों की पुष्टि अनिरुद्ध या काव्या के परिवार की ओर से आधिकारिक रूप से नहीं की गई है।





