Blog

‘बिटिया @ वर्क’ अभियान : शासकीय कार्यालयों में पहुंचीं बेटियां, प्रशासनिक कामकाज को समझा

उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं और प्रशासनिक सेवाओं में करियर बनाने किया प्रेरित

रायपुर। बेटियों को आत्मविश्वासी, जागरूक और आत्मनिर्भर बनाकर उनके सपनों को नई उड़ान देने की दिशा में जीपीएम जिले में एक प्रेरणादायक पहल की गई है। महिला एवं बाल विकास विभाग के मिशन शक्ति हब की टीम द्वारा आज ‘बिटिया @ वर्क’ अभियान के तहत विद्यालयीन बालिकाओं को विभिन्न शासकीय कार्यालयों का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया। इस दौरान बालिकाओं ने प्रशासनिक कार्यप्रणाली, शासकीय सेवाओं और जनहित से जुड़े कार्यों की जानकारी प्राप्त की। इस पहल का उद्देश्य बालिकाओं को प्रशासनिक व्यवस्था से परिचित कराने के साथ ही उनमें आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और भविष्य के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करना है।

शैक्षणिक भ्रमण के दौरान बालिकाओं को विभिन्न शासकीय विभागों की कार्यप्रणाली, अधिकारियों एवं कर्मचारियों के दायित्वों तथा आम नागरिकों तक शासन की योजनाओं और सेवाओं का लाभ पहुंचाने की प्रक्रिया के संबंध में जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि शासन-प्रशासन किस प्रकार जनहितकारी योजनाओं के क्रियान्वयन, नागरिक सुविधाओं के विस्तार और समाज के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। बालिकाओं को शासकीय कार्यालयों में होने वाले कार्यों और प्रशासनिक जिम्मेदारियों से परिचित कराते हुए भविष्य में इन क्षेत्रों में करियर बनाने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

प्रशासनिक सेवाओं में करियर बनाने के लिए बेटियों को मिली प्रेरणा

भ्रमण के दौरान बालिकाओं को उच्च शिक्षा के महत्व, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी तथा शासकीय सेवाओं में उपलब्ध विभिन्न करियर अवसरों के बारे में जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि दृढ़ संकल्प, नियमित अध्ययन, अनुशासन और निरंतर परिश्रम के माध्यम से वे प्रशासनिक सेवाओं सहित शिक्षा, स्वास्थ्य, विज्ञान, तकनीक और अन्य क्षेत्रों में अपनी पहचान बना सकती हैं। बालिकाओं को अपने जीवन में स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करने, समय का सदुपयोग करने तथा अपनी रुचि और प्रतिभा के अनुरूप भविष्य की तैयारी करने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि बेटियां अपनी क्षमताओं पर विश्वास रखें और किसी भी क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए आत्मविश्वास के साथ प्रयास करें।

बेटियों में आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करने की अभिनव पहल

‘बिटिया @ वर्क’ अभियान के माध्यम से बालिकाओं को पुस्तकीय ज्ञान के साथ व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करने का अवसर मिला। शासकीय कार्यालयों के भ्रमण से उन्हें प्रशासनिक व्यवस्था और जनसेवा से जुड़े कार्यों को नजदीक से समझने का अवसर प्राप्त हुआ। इस पहल के जरिए बालिकाओं में निर्णय लेने की क्षमता, नेतृत्व कौशल और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूकता विकसित करने का संदेश दिया गया। मिशन शक्ति हब की टीम द्वारा बालिकाओं को शिक्षा के माध्यम से सशक्त बनने, अपने अधिकारों एवं अवसरों के प्रति जागरूक रहने तथा जीवन में आने वाली चुनौतियों का आत्मविश्वास के साथ सामना करने के लिए प्रोत्साहित किया गया। उन्हें बताया गया कि शिक्षित और आत्मनिर्भर बेटियां न केवल अपने परिवार की प्रगति में योगदान देती हैं, बल्कि समाज और राष्ट्र के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

आज की बेटियां बनेंगी कल की सफल अधिकारी और नेतृत्वकर्ता

अभियान के माध्यम से बालिकाओं को यह संदेश दिया गया कि उनकी प्रतिभा और क्षमताओं के विकास के लिए शिक्षा सबसे सशक्त माध्यम है। उचित मार्गदर्शन, अवसर और निरंतर प्रयास से वे भविष्य में प्रशासनिक अधिकारी, चिकित्सक, शिक्षक, वैज्ञानिक, उद्यमी और अन्य महत्वपूर्ण भूमिकाओं में अपनी पहचान स्थापित कर सकती हैं। महिला एवं बाल विकास विभाग की यह पहल बालिकाओं को शासकीय कार्यप्रणाली का व्यावहारिक अनुभव प्रदान करने के साथ ही उनके भीतर बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने का आत्मविश्वास विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास है। ‘बिटिया @ वर्क’ अभियान के जरिए बेटियों को यह प्रेरणा दी गई कि वे अपनी शिक्षा, प्रतिभा और नेतृत्व क्षमता के बल पर आत्मनिर्भर बनें तथा समाज के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाएं।

The post ‘बिटिया @ वर्क’ अभियान : शासकीय कार्यालयों में पहुंचीं बेटियां, प्रशासनिक कामकाज को समझा appeared first on ShreeKanchanpath.

Manoj Mishra

Editor in Chief

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button