Blog

श्रीनगर में छाई छत्तीसगढ़ की बेटियां :  साइकिल पोलो फेडरेशन कप में जीता गोल्ड

लगातार 11वीं बार विजेता ट्रॉफी पर कब्जा, छत्तीसगढ़ की पुरुष टीम चौथे स्थान पर

भिलाई। जम्मू-कश्मीर की राजधानी श्रीनगर में आयोजित 16वीं महिला फेडरेशन कप साइकिल पोलो प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ की महिला टीम इतिहास रच दिया है। छत्तीसगढ़ की बेटियें ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लगातार 11वीं बार विजेता ट्रॉफी अपने नाम कर इतिहास रच दिया। फाइनल मुकाबले में छत्तीसगढ़ की बेटियों ने केरल को 11-5 गोल से पराजित कर स्वर्णिम सफलता हासिल की। वहीं 20वीं पुरुष फेडरेशन कप साइकिल पोलो प्रतियोगिता पुरुष वर्ग में छत्तीसगढ़ की टीम चौथे स्थान पर रही।

साइकिल पोलो फेडरेशन ऑफ इंडिया की एडहॉक कमेटी के चेयरमैन एवं पूर्व संयुक्त सचिव विनायक राव चन्नावार तथा भिलाई इस्पात संयंत्र ऑफिसर्स एसोसिएशन के पूर्व महासचिव परविंदर सिंह ग्रेवाल ने विज्ञप्ति जारी कर प्रतियोगिता की जानकारी दी। विनायक राव चन्नावार ने बताया कि महिला वर्ग के खिताबी मुकाबले में छत्तीसगढ़ और केरल के बीच रोमांचक संघर्ष देखने को मिला। छत्तीसगढ़ की ओर से पूनम ने सर्वाधिक 6 गोल, लक्ष्मी ने 4 गोल और इसीता ने 1 गोल कर टीम की ऐतिहासिक जीत में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

क्वाटर फाइनल में आंध्र और सेफा में एमपी को हराया

फाइनल तक पहुंचने के सफर में भी छत्तीसगढ़ की बालिकाओं ने अपनी श्रेष्ठता साबित की। क्वार्टर फाइनल में आंध्र प्रदेश को 13-1 गोल से पराजित किया, जबकि सेमीफाइनल में मध्य प्रदेश को एकतरफा मुकाबले में 19-0 गोल से शिकस्त देकर फाइनल में प्रवेश किया। लगातार 11वीं बार विजेता ट्रॉफी जीतना छत्तीसगढ़ में साइकिल पोलो की मजबूत परंपरा, खिलाड़ियों के अनुशासन, मेहनत और प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन का प्रमाण है। पुरुष वर्ग में तीसरे और चौथे स्थान के लिए छत्तीसगढ़ तथा प्रादेशिक सेना की टीमों के बीच कड़ा मुकाबला हुआ। जिसमें प्रादेशिक सेना ने 7-6 गोल से जीत दर्ज कर तीसरा स्थान हासिल किया। छत्तीसगढ़ की टीम को चौथे स्थान से संतोष करना पड़ा।

खिलाड़ियों का किया गया सम्मान

प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन के उपलक्ष्य में साइकिल पोलो मैदान में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर दुर्ग लोकसभा क्षेत्र के सांसद एवं छत्तीसगढ़ साइकिल पोलो संघ के मुख्य संरक्षक विजय बघेल तथा भिलाई इस्पात संयंत्र ऑफिसर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं सेफी के चेयरमैन नरेंद्र बंछोर ने खिलाड़ियों का सम्मान किया। सांसद विजय बघेल ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया और उन्हें हरसंभव सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया।

छत्तीसगढ़ में साइकिल पोलो का भविष्य उज्ज्वल

छत्तीसगढ़ साइकिल पोलो एसोसिएशन के पदाधिकारियों, खेल प्रशिक्षकों और खेलप्रेमियों ने महिला टीम की ऐतिहासिक उपलब्धि तथा पुरुष टीम के प्रदर्शन पर खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और सपोर्ट स्टाफ को बधाई दी। एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों ने प्रदेश की खेल प्रतिभा और साइकिल पोलो की संभावनाओं को नई पहचान दी है। खिलाड़ियों की इस सफलता से प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को प्रेरणा मिलेगी तथा साइकिल पोलो के विकास को नई गति मिलेगी। इस अवसर पर सांसद विजय बघेल, नरेंद्र बंछोर, सुधीर बंसल, परविंदर सिंह ग्रेवाल, विनायक राव चन्नावार, तोशेंद्र वर्मा, देव प्रकाश वर्मा, श्रीमती बीना मिश्रा, शशांक देशमुख, कुमारी आकांक्षा मिश्रा, अभिषेक मिश्रा, निर्मल गड्डू, इशू पांडे तथा नीरज मिश्रा सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित थे।

The post श्रीनगर में छाई छत्तीसगढ़ की बेटियां :  साइकिल पोलो फेडरेशन कप में जीता गोल्ड appeared first on ShreeKanchanpath.

Manoj Mishra

Editor in Chief

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button