छत्तीसगढ़

कबीरधाम पुलिस में “COP OF THE MONTH” का दूसरा माह, सितंबर में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 03 अधिकारी-कर्मचारी चयनित

 

*कबीरधाम पुलिस में “COP OF THE MONTH” का दूसरा माह, सितंबर में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 03 अधिकारी-कर्मचारी चयनित।*

*यातायात नियमों के प्रभावी प्रवर्तन से लेकर चोरी के मामलों में आरोपियों की गिरफ्तारी, संपत्ति बरामदगी और 288 ई-समंस/वारंट की तामीली तक उत्कृष्ट पुलिसिंग का प्रदर्शन।*

कबीरधाम जिला के पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों में बेहतर कार्य करने की प्रतिस्पर्धात्मक भावना को बढ़ावा देने तथा उत्कृष्ट पुलिसिंग को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से कबीरधाम पुलिस अधीक्षक श्री जितेंद्र कुमार यादव, (आई.पी.एस.) द्वारा प्रारंभ किए गए “COP OF THE MONTH” के तहत सितंबर 2026 माह के लिए उत्कृष्ट कार्य करने वाले 03 अधिकारी-कर्मचारियों का चयन किया गया है। यह “COP OF THE MONTH” का दूसरा माह है।

सितंबर माह में अपने-अपने कार्यक्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य एवं बेहतर परिणाम देने वाले यातायात शाखा के उप निरीक्षक अजयकांत तिवारी, साइबर थाना के आरक्षक क्रमांक 494 गज्जू सिंह राजपूत एवं थाना बोडला के आरक्षक क्रमांक 671 रतिराम यादव को “COP OF THE MONTH” के लिए चयनित किया गया है।

*यातायात व्यवस्था एवं सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में उप निरीक्षक अजयकांत तिवारी का उत्कृष्ट योगदान*

यातायात शाखा के उप निरीक्षक अजयकांत तिवारी द्वारा सितंबर माह में मोटर व्हीकल अधिनियम के अंतर्गत चालानी कार्यवाही में प्रभावी वृद्धि लाते हुए यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध सख्ती से प्रवर्तन की कार्यवाही की गई। मोडिफाइड सायलेंसर, सिग्नल जंप, ओव्हर स्पीड, खतरनाक तरीके से वाहन चालन एवं शराब सेवन कर वाहन चालन जैसे मामलों में प्रभावी कार्यवाही करते हुए सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता दी गई।

इसके साथ ही स्कूली छात्र-छात्राओं एवं नाबालिग बच्चों को यातायात नियमों की जानकारी देकर सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के उद्देश्य से लगभग 1000 आवारा पशुओं के गले एवं सींग में रेडियम पट्टी लगाकर रात्रि के समय वाहन चालकों को पशुओं की मौजूदगी स्पष्ट दिखाई देने में मदद करने का सराहनीय कार्य किया गया।

*अपराधों की पतासाजी एवं चोरी की संपत्ति बरामदगी में आरक्षक गज्जू सिंह राजपूत की महत्वपूर्ण भूमिका*

साइबर थाना के आरक्षक क्रमांक 494 गज्जू सिंह राजपूत द्वारा अपराधों की पतासाजी में तकनीकी दक्षता एवं सक्रियता का परिचय देते हुए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई गई। चौकी दामापुर, थाना कुण्डा के अपराध क्रमांक 123/2026, धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के प्रकरण में अज्ञात आरोपी की पतासाजी कर आरोपी की गिरफ्तारी तथा चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवरों की बरामदगी में महत्वपूर्ण योगदान दिया गया।

इसी प्रकार थाना सिटी कोतवाली कवर्धा के अपराध क्रमांक 415/2026, धारा 331(3), 305(ए) बीएनएस के प्रकरण में भी अज्ञात आरोपी की पतासाजी कर आरोपी की गिरफ्तारी एवं चोरी की गई नगदी रकम की बरामदगी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई गई। दोनों प्रकरणों में सक्रिय एवं परिणामदायी कार्य के लिए आरक्षक गज्जू सिंह राजपूत का चयन “COP OF THE MONTH” के लिए किया गया है।

*वारंट एवं न्यायालयीन प्रक्रिया के प्रभावी क्रियान्वयन में आरक्षक रतिराम यादव का उल्लेखनीय कार्य*

थाना बोडला के आरक्षक क्रमांक 671 रतिराम यादव द्वारा समंस एवं वारंटों की तामीली में उल्लेखनीय कार्य किया गया। इनके द्वारा माह सितंबर में कुल 288 ई-समंस/वारंट एवं 33 गिरफ्तारी वारंटों की तामीली कर संबंधित वारंटियों को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कराया गया।

इनके द्वारा वारंटियों की लगातार पतासाजी एवं तामीली करते हुए न्यायालयीन प्रक्रिया के प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण योगदान दिया गया। इसी उत्कृष्ट कार्य के आधार पर आरक्षक रतिराम यादव का चयन “COP OF THE MONTH” के लिए किया गया है।

कबीरधाम पुलिस कप्तान द्वारा “COP OF THE MONTH” के माध्यम से ऐसे अधिकारी-कर्मचारियों के कार्यों को पहचान और प्रोत्साहन दिया जा रहा है, जो अपने कर्तव्यों का निर्वहन सक्रियता, जिम्मेदारी और बेहतर परिणाम के साथ कर रहे हैं। इस पहल का उद्देश्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों को उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रेरित करते हुए जिले में प्रभावी, जवाबदेह एवं परिणामदायी पुलिसिंग को और मजबूत करना है।

Manoj Mishra

Editor in Chief

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button