छत्तीसगढ़

कबीरधाम पुलिस ने 12.50 लाख रुपये की चोरी का किया खुलासा, पिता-पुत्र सहित 02 आरोपी गिरफ्तार।

* *

*कबीरधाम पुलिस ने 12.50 लाख रुपये की चोरी का किया खुलासा, पिता-पुत्र सहित 02 आरोपी गिरफ्तार।*

*चोरी की रकम में से 11.53 लाख रुपये बरामद, साइबर थाना एवं सिटी कोतवाली पुलिस की संयुक्त कार्यवाही।*

*तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण एवं लगातार पतासाजी से आरोपियों तक पहुंची पुलिस, चोरी की रकम छिपाने में पिता ने भी निभाई भूमिका।*

थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मझगांव में घर से 12.50 लाख रुपये चोरी होने की घटना का कबीरधाम पुलिस ने प्रभावी ढंग से खुलासा करते हुए पिता-पुत्र सहित 02 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा आरोपियों से पूछताछ एवं उनकी निशानदेही के आधार पर चोरी की रकम में से 11,53,000 रुपये बरामद किए गए हैं। प्रकरण में आरोपियों के विरुद्ध विधिवत कार्यवाही की जा रही है।

*शाम के समय घर में घुसकर चोरी की थी बड़ी रकम*

ग्राम मझगांव निवासी हीरालाल साहू, पिता गोवर्धन साहू, उम्र 36 वर्ष ने दिनांक 24.09.2026 को थाना सिटी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराया गया कि दिनांक- 15.09.2026 की शाम लगभग 06:00 बजे से 07:00 बजे के मध्य अज्ञात व्यक्ति द्वारा मेरे घर में प्रवेश कर घर में रखे 12.50 लाख रुपये चोरी कर लिए गए हैं।

प्रार्थी के अनुसार वह ट्रांसपोर्ट, मटेरियल सप्लाई एवं कृषि संबंधी कार्य करता है, जिसके कारण उसके पास रकम का लेन-देन होता रहता है। घटना के समय परिवार के लोगों द्वारा एक संदिग्ध व्यक्ति को घर से निकलते हुए देखा गया था। संदिग्ध ने चेहरे को गमछे से ढक रखा था।

घटना के संबंध में पड़ोसी के मकान की छत के रास्ते घर में प्रवेश करने की आशंका भी व्यक्त की गई थी। घटनास्थल के आसपास से शराब की शीशी, कुएं में फेंका गया पर्स तथा गली में रकम रखने वाला खाली बैग भी मिला था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 415/2026, धारा 305(ए), 331(3) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।

*वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में विशेष टीम गठित*

घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सिटी कोतवाली निरीक्षक श्री लालजी सिन्हा द्वारा वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया। चोरी की बड़ी रकम एवं घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार यादव द्वारा तत्काल संज्ञान लेते हुए प्रकरण के शीघ्र खुलासे एवं आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए साइबर थाना एवं थाना सिटी कोतवाली की संयुक्त विशेष टीम गठित कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री हेमसागर सिदार एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अमित पटेल द्वारा विशेष टीम की कार्यवाही की सतत निगरानी करते हुए आरोपियों की शीघ्र पतासाजी एवं गिरफ्तारी के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए।

वरिष्ठ अधिकारियों के दिशा-निर्देशन में पुलिस अनुविभागीय अधिकारी श्री अखिलेश कौशिक तथा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी श्री प्रशांत देवांगन के नेतृत्व में साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक श्री उमाशंकर राठौर एवं थाना सिटी कोतवाली की संयुक्त टीम द्वारा घटनास्थल से प्राप्त साक्ष्यों, संदिग्ध गतिविधियों एवं तकनीकी जानकारी का बारीकी से विश्लेषण किया गया। पुलिस टीम द्वारा तकनीकी विश्लेषण के साथ-साथ मैदानी स्तर पर भी लगातार पतासाजी की गई।

*आरोपी अपने पुराने मकान की छत से पड़ोसी के घर में दाखिल हुआ आरोपी*

पुलिस की जांच एवं पूछताछ में सामने आए तथ्यों के अनुसार आरोपी कमलेश पटेल, पिता भागवत पटेल, उम्र 19 वर्ष, निवासी ग्राम मझगांव ने घटना को अंजाम दिया था।

पूछताछ में आरोपी द्वारा बताया गया कि दिनांक 15.09.2026 को गणेश चतुर्थी होने के कारण गांव के लोग गणेश पंडाल में व्यस्त थे। आरोपी शाम करीब 05:30 बजे अपने पुराने मकान में गया और अंधेरा होने का इंतजार करता रहा। आरोपी का पुराना मकान एवं प्रार्थी हीरालाल साहू का मकान आपस में जुड़े हुए हैं तथा छत के रास्ते एक-दूसरे के मकान में जाया जा सकता है।

अंधेरा होने के बाद आरोपी अपने पुराने मकान की छत से हीरालाल साहू के मकान की छत पर पहुंचा और छत के रास्ते कमरे में प्रवेश किया। कमरे में लगे बल्ब को निकालकर अलग रखने के बाद आरोपी ने आलमारी खोली। आलमारी के दराजों में रकम नहीं मिलने पर उसने लॉकर खोलकर उसमें रखे 500, 200 एवं 100 रुपये के नोटों के बंडल तथा पर्स निकाल लिए।

आरोपी द्वारा रकम को अपने गमछे में बांधकर पुराने मकान में ले जाने तथा बाद में रकम को कार्टून में रखकर पुराने मकान की दूसरी मंजिल के कमरे के छज्जे में छिपाने की बात बताई गई।

*चोरी की जानकारी पिता को दी, रकम छिपाने में पिता ने भी सहयोग किया*

पूछताछ में आरोपी कमलेश पटेल द्वारा अगले दिन अपने पिता भागवत पटेल, पिता स्व. प्यारे पटेल, उम्र 50 वर्ष को चोरी की घटना एवं रकम के संबंध में जानकारी देना बताया गया।

आरोपी के अनुसार उसके द्वारा चोरी की गई रकम को पुराने मकान में छिपाकर रखा गया था। पिता भागवत पटेल को इसकी जानकारी होने के बाद दोनों ने मिलकर रकम को वहां से निकालकर अपने नए मकान में रखा।

पूछताछ में भागवत पटेल द्वारा बताया गया कि चोरी की रकम को कुछ दिनों तक पुराने मकान में रखने के बाद उसे खेत में बने बोर के कमरे में रखा गया। बारिश होने पर रकम को वापस लाकर अपने घर की आलमारी में रखा गया।

इस प्रकार पुलिस पूछताछ में सामने आए तथ्यों के आधार पर चोरी की रकम को छिपाने एवं अलग-अलग स्थानों पर रखने में पिता भागवत पटेल की भूमिका भी सामने आई।

*निशानदेही पर 11 लाख 53 हजार रुपये बरामद*

पुलिस द्वारा दोनों आरोपियों से पूछताछ एवं उनके द्वारा बताए गए स्थानों की निशानदेही के आधार पर चोरी की रकम में से 11,53,000/- रुपये बरामद किए गए हैं।

पूछताछ में आरोपी कमलेश द्वारा चोरी की रकम में से कुछ राशि खर्च कर दिए जाने की बात बताई गई है। आरोपी द्वारा पर्स में रखी छोटी रकम में से लगभग 47 हजार रुपये खाने-पीने आदि में खर्च करना बताया गया है। तथा आरोपी पिता के द्वारा 50 हजार रुपये वाहन बनवाने एवं पार्ट्स खरीदने में खर्च हो जाने की जानकारी दी गई है।

पुलिस द्वारा बरामद रकम को प्रकरण में विधिवत जप्त कर आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।

*लगातार प्रयास से आरोपियों तक पहुंची पुलिस*

तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण, घटनास्थल से प्राप्त तथ्यों तथा लगातार मैदानी पतासाजी के आधार पर पुलिस टीम द्वारा संदिग्ध गतिविधियों को जोड़ते हुए जांच आगे बढ़ाई गई। पुलिस के सतत प्रयासों के परिणामस्वरूप कमलेश पटेल एवं भागवत पटेल, दोनों निवासी ग्राम मझगांव, को दिनांक 29.09.2026 को उनके मकान से पकड़ा गया।

दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर प्रकरण में अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।

*साइबर थाना एवं सिटी कोतवाली टीम की महत्वपूर्ण भूमिका*

चोरी की बड़ी रकम की घटना के शीघ्र खुलासे एवं 11.53 लाख रुपये की बरामदगी में साइबर थाना एवं थाना सिटी कोतवाली की संयुक्त पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। टीम द्वारा तकनीकी संसाधनों के प्रभावी उपयोग के साथ-साथ घटनास्थल से प्राप्त साक्ष्यों, संदिग्ध गतिविधियों एवं आरोपियों से पूछताछ के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया गया।

उक्त संपूर्ण कार्यवाही में वरिष्ठ अधिकारियों के दिशा-निर्देशन में थाना प्रभारी सिटी कोतवाली निरीक्षक श्री लालजी सिन्हा, सहायक उपनिरीक्षक सुरेश जायसवाल, साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक श्री उमाशंकर राठौर तथा साइबर थाना टीम से सहायक उप निरीक्षक चंद्रकांत तिवारी
सहायक उप निरीक्षक आशिष सिंह, आरक्षक अमित ठाकुर, अजय वैष्णव, गज्जू राजपूत एवं सिटी कोतवाली की संयुक्त पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।

Manoj Mishra

Editor in Chief

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button