भिलाई। दुर्ग जिले के जामुल थाना क्षेत्र में रविवार देर शाम शराब पार्टी के दौरान विवाद के बाद एक युवक ने अपने मामा के दोस्त की हत्या कर दी। युवक ने ईंट व लोहे की बाल्टी से पीट-पीटकर मामा के दोस्त की जान ले ली। घटना की सूचना मिलते ही जामुल थाना पुलिस व फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में मामा और भांजे को हिरासत ले लिया गया है। सोमवार को दुर्ग पुलिस इस पूरे मामले का खुलासा करेगी।
जामुल पुलिस मिली जानकारी के अनुसार जामुल के बाजार चौक स्थित ममता मेडिकल के पास रविवार देर शाम उतई-खोपली निवासी पुरन भारती अपने दोस्त मनीष बघेल और उसके भांजे राज जोशी के साथ बैठकर शराब पी रहा था। इसी दौरान पुरन भारती अपने दोस्त मनीष बघेल के साथ मजाक करते हुए गाली-गलौज करने लगा। इससे नाराज होकर राज जोशी ने घर में रखी ईंट और लोहे की बाल्टी से पुरन भारती के सिर पर कई बार वार कर दिया।
हमले में पुरन भारती गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के दोस्त मनीष बघेल ने जामुल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले में मामा मनीष बघेल और भांजे राज जोशी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दुर्ग शहर एएसपी शोभराज अग्रवाल ने बताया कि हत्या की सूचना मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंची थी। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले में दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
The post शराब पार्टी के दौरान भड़का विवाद, युवक ने मामा के दोस्त की पीट-पीटकर कर दी हत्या appeared first on ShreeKanchanpath.


