छत्तीसगढ़

कृषि विज्ञान केन्द्र पहुँचीं शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की छात्राएं, वैज्ञानिक कृषि तकनीकों से हुईं रूबरू

कृषि विज्ञान केन्द्र पहुँचीं शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की छात्राएं, वैज्ञानिक कृषि तकनीकों से हुईं रूबरू
नारायणपुर,  सितंबर 2026// कृषि क्षेत्र में हो रहे नवाचारों एवं आधुनिक तकनीकों की जानकारी प्राप्त करने के उद्देश्य से शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बंगलापारा नारायणपुर की छात्राओं ने कृषि विज्ञान केन्द्र नारायणपुर का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान छात्राओं ने केन्द्र में संचालित विभिन्न गतिविधियों का अवलोकन किया और वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों को करीब से समझा। शैक्षणिक भ्रमण के दौरान कृषि विज्ञान केन्द्र के वैज्ञानिकों एवं विषय विशेषज्ञों ने छात्राओं को उन्नत कृषि तकनीक, फसल उत्पादन, मृदा स्वास्थ्य, जैविक एवं प्राकृतिक खेती, उन्नत बीज, जैव उर्वरक तथा कीट एवं रोग प्रबंधन की जानकारी दी। इसके अलावा कड़कनाथ एवं बटेर पालन, बकरी पालन, मशरूम उत्पादन, खरपतवार नियंत्रण सहित कृषि से जुड़ी विभिन्न नवीन तकनीकों के बारे में भी विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की गई।
छात्राओं ने कृषि विज्ञान केन्द्र के प्रक्षेत्र में धान, कोचई, जिमीकंद सहित विभिन्न फसलों एवं कृषि प्रदर्शनों का निरीक्षण किया। उन्होंने वैज्ञानिकों से कृषि संबंधी विभिन्न विषयों पर संवाद किया और अपनी जिज्ञासाओं से जुड़े सवाल पूछकर महत्वपूर्ण जानकारियां हासिल कीं। वैज्ञानिकों ने बताया कि आधुनिक तकनीकों एवं वैज्ञानिक प्रबंधन को अपनाकर किसान कम लागत में बेहतर उत्पादन प्राप्त कर सकते हैं तथा अपनी आय में वृद्धि कर सकते हैं। इस अवसर पर छात्राओं को कृषि एवं कृषि से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार और स्वरोजगार की संभावनाओं की जानकारी भी दी गई। छात्राओं ने कृषि विज्ञान केन्द्र की गतिविधियों में उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों को नजदीक से समझा।
विद्यालय के शिक्षकों ने कहा कि इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण से विद्यार्थियों को पुस्तकीय ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक एवं तकनीकी ज्ञान भी प्राप्त होता है। इससे विद्यार्थियों में कृषि, पर्यावरण एवं प्राकृतिक संसाधनों के प्रति जागरूकता विकसित होती है और वे कृषि क्षेत्र में उपलब्ध संभावनाओं को बेहतर ढंग से समझ पाते हैं। कृषि विज्ञान केन्द्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डा. दिब्येंदु दास ने छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें नई तकनीकों को सीखने और कृषि क्षेत्र के विकास में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर कृषि विज्ञान केन्द्र के डॉ. हरेन्द्र टोंडे, श्री इंद्रकुमार एवं श्री राकेश साहू तथा शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बंगलापारा, नारायणपुर से श्रीमती चंद्रकला एवं सुश्री साधना कचलाम उपस्थित रहीं। यह शैक्षणिक भ्रमण छात्राओं के लिए ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक अनुभव रहा, जिसके माध्यम से उन्हें कृषि की आधुनिक तकनीकों और कृषि क्षेत्र में उपलब्ध रोजगार एवं स्वरोजगार की संभावनाओं को समझने का अवसर मिला।

Manoj Mishra

Editor in Chief

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button