*स्काउट-गाइड ने लिया वृहद वृक्षारोपण और पौधों की नियमित देखरेख का संकल्प*
*जिले के सभी विद्यालयों में एक साथ हुआ पौधरोपण, विद्यार्थियों ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश*
कवर्धा, सितंबर 2026। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स जिला संघ कबीरधाम द्वारा जिले के सभी विद्यालयों में एक साथ वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। राज्य मुख्य आयुक्त श्री इंदरजीत सिंह खालसा के निर्देशानुसार तथा जिला अध्यक्ष श्री शेखर बक्शी एवं जिला मुख्य आयुक्त श्री सचिन गुप्ता के मार्गदर्शन और पदेन जिला आयुक्त एवं जिला शिक्षा अधिकारी श्री एफआर वर्मा के नेतृत्व में स्काउट-गाइड के बैनर तले विद्यार्थियों ने पौधरोपण कर उनके नियमित संरक्षण एवं देखरेख का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों एवं समाज में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना, अधिक से अधिक पौधे लगाना तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण के लिए प्रेरित करना रहा। जिला संघ के पदाधिकारी अशोका पब्लिक स्कूल छिरहा, कवर्धा में आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम में शामिल हुए और छात्र-छात्राओं को पौधों की नियमित देखरेख एवं संरक्षण का संकल्प दिलाया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार, स्काउट-गाइड, रोवर्स एवं रेंजर्स के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक पौधरोपण किया और प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया। जिले के प्रत्येक विद्यालय में एक ही समय पर वृहद स्तर पर आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के प्रति सामूहिक सहभागिता का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि वृक्ष केवल हरियाली का प्रतीक नहीं, बल्कि जीवन का आधार हैं। स्वच्छ वायु, संतुलित जलवायु, मिट्टी का संरक्षण, वर्षा चक्र एवं जैव विविधता को बनाए रखने में वृक्षों की महत्वपूर्ण भूमिका है। बढ़ता प्रदूषण, घटती हरियाली और बदलता पर्यावरण हम सभी के लिए गंभीर चेतावनी है। ऐसे समय में वृक्षारोपण केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि हमारी नैतिक जिम्मेदारी और आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारा दायित्व है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति यदि अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसे वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखने का संकल्प ले, तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम होगा। केवल पौधे लगाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण भी उतना ही आवश्यक है।
विद्यालय प्रबंधन ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि “एक पौधा लगाना, भविष्य को जीवन देना है।” विद्यार्थियों को प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनाने तथा “एक स्काउटध्गाइड विद्यार्थीदृएक पौधा” जैसे संकल्पों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण की भावना को आगे बढ़ाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को यह संदेश दिया गया कि आज लगाया गया एक पौधा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ हवा, शीतल छाया और सुरक्षित पर्यावरण का उपहार बन सकता है। इस अवसर पर भारत स्काउट्स एवं गाइड्स जिला संघ के उपाध्यक्ष श्री ठाकुर पीयूष सिंह मौर्य, सहायक संचालक श्री एमके गुप्ता, प्राचार्य श्री एसएल नापित, जिला सचिव श्रीमती निलम यदु, जिला संगठन आयुक्त श्री अजय चन्द्रवंशी, रोवर लीडर श्री विजय कुमार साहू, स्काउट मास्टर श्री लोकनाथ देवांगन, श्री प्रियप्रकाश साहू, गाइड कैप्टिन श्रीमती विंध्या ठाकुर सहित समस्त स्काउट-गाइड, रोवर्स एवं रेंजर्स उपस्थित रहे।





