Blog

भिलाई विद्यालय में शिक्षक अभिनंदन समारोह : स्कूल के सभी शिक्षकों का हुआ सम्मान

पालक शिक्षक समिति एवं भिलाई विद्यालय सेक्टर-2 के संयुक्त तत्वावधान में समारोह का आयोजन

भिलाई। भिलाई विद्यालय सेक्टर-2 में शिक्षक दिवस के अवसर पर शिक्षक अभिनंदन समारोह एवं विद्यालय की प्रथम वार्षिक पत्रिका ‘प्रिज्म’ का विमोचन समारोह आयोजित किया गया। पालक शिक्षक समिति एवं भिलाई विद्यालय सेक्टर-2 के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस समारोह में डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की स्मृति को नमन करते हुए शिक्षकों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त की गई। समारोह के मुख्य अतिथि पवन कुमार, कार्यपालक निदेशक, मानव संसाधन, भिलाई इस्पात संयंत्र थे। विशिष्ट अतिथि एबी श्रीनिवास, महाप्रबंधक प्रभारी, नगर सेवाएं विभाग एवं शिखा दुबे, महाप्रबंधक, शिक्षा विभाग विशेष रूप से उपस्थित थे।

कार्यक्रम की शुरुआत में अतिथियों ने ‘सर्वे भवन्तु सुखिनः’ की भावना एवं विश्व शांति की प्रार्थना के साथ मां सरस्वती एवं डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। समारोह में मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों द्वारा समस्त शिक्षकों को श्रीफल एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। निदेशक प्रभारी पुरस्कार के लिए चयनित विद्यालय के चार शिक्षकों, श्रीमती सरिता कुमारी शाक्या, श्रीमती सुनीता अनिल, श्रीमती सजिता राजेश एवं श्रीमती संगीता मिश्रा को भी बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं। वरिष्ठ व्याख्याता श्रीमती सरिता शाक्या ने कार्यक्रम की सफलता के लिए सभी अतिथियों एवं दर्शकों की गरिमामयी उपस्थिति और सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया।

प्रत्येक बच्चा अपने आप में विशिष्ट
इस मौके पर मुख्य अतिथि पवन कुमार ने कहा कि प्रत्येक बच्चा अपने आप में विशिष्ट होता है और उसके भीतर अनेक प्रतिभाएं छिपी होती हैं। विद्यालय की जिम्मेदारी है कि इन प्रतिभाओं को पहचानकर उन्हें उचित दिशा और अवसर प्रदान करे, ताकि विद्यार्थी जीवन में सफल हो सकें। उन्होंने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए विद्यालय द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने अपने जीवन में शिक्षकों के योगदान को भी स्मरण करते हुए कहा कि आज वे जिस मुकाम पर हैं, उसमें उनके शिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने भिलाई के विद्यालयों की समृद्ध विरासत पर गर्व व्यक्त किया।

शिक्षकों के साथ भावनात्मक जुड़ाव की झलक
विशिष्ट अतिथि एबी श्रीनिवास ने अपने उद्बोधन में मंच संचालन कर रही छात्राओं आर्या पांडे एवं अनन्या द्वारा शिक्षकों के सम्मान में प्रस्तुत पंक्तियों का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे विद्यार्थियों के अपने शिक्षकों के साथ भावनात्मक जुड़ाव की झलक मिलती है। उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए प्राचार्य श्री विजय सिंह पवार एवं समस्त शिक्षकों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। पालक शिक्षक समिति के सदस्यों ने मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों का स्वागत किया। अध्यक्ष, पालक शिक्षक समिति भुनेश्वरी देवांगन ने स्वागत भाषण में शिक्षक की भूमिका एवं समाज के निर्माण में उनके योगदान पर प्रकाश डाला।

विद्यालय की प्रथम वार्षिक पत्रिका ‘प्रिज्म’ का विमोचन
इस अवसर पर विद्यालय की प्रथम वार्षिक पत्रिका ‘प्रिज्म’ का मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों द्वारा विमोचन किया गया। विद्यालय के प्राचार्य विजय सिंह पवार ने अपने उद्बोधन में कहा कि जिस प्रकार प्रिज्म श्वेत प्रकाश को उसके विभिन्न रंगों में विभाजित करता है, उसी प्रकार विद्यालय विद्यार्थियों में छिपी प्रतिभाओं को पहचानने, निखारने एवं उन्हें सही दिशा देने का कार्य करता है। उन्होंने विद्यार्थियों को ‘डिस्कवर, डेवलप एवं शाइन’ की प्रिज्म फिलॉसफी का अनुसरण करने के लिए प्रेरित किया।

समारोह में सुहानी पाड़ी एवं समूह द्वारा सरस्वती वंदना प्रस्तुत की गई। राजेश्वरी, संतोषी एवं समूह द्वारा रजनी रजक, सतीश मिश्रा, शैलेन्द्र भोई एवं जयदेव दीक्षित के निर्देशन में गुरु वंदना एवं भिलाई गान प्रस्तुत किया गया। यस्वनी, आर्या, आयुष, राजवीर कोल एवं आदित्य ने दो लघु नाटिकाएं प्रस्तुत कीं। विद्या, प्रेरणा, ट्विंकल, सुहानी एवं अन्य विद्यार्थियों ने मनमोहक समूह नृत्य प्रस्तुत किया। विद्यालय की शिक्षिका श्रीमती सजिता राजेश ने भजन प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का संचालन वंदना सोनवाने एवं संगीता मिश्रा ने किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षकों एवं पालक शिक्षक समिति के सदस्यों का विशेष योगदान रहा।

The post भिलाई विद्यालय में शिक्षक अभिनंदन समारोह : स्कूल के सभी शिक्षकों का हुआ सम्मान appeared first on ShreeKanchanpath.

Manoj Mishra

Editor in Chief

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button