नईदिल्ली। राजधानी दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में रविवार को एक 5 मंजिला बिल्डिंग गिर गई। इसमें एक स्टूडेंट की मौत हो गई। वहीं, 3 गंभीर रूप से घायल हैं। बिल्डिंग में हॉस्टल चलता था। चश्मदीदों के मुताबिक हादसे के वक्त छात्र कमरों में थे और बेसमेंट में खुदाई चल रही थी। 5 का रेस्क्यू कर लिया गया है। हालांकि अभी यह पता नहीं चला है कि मलबे में कितने बच्चे फंसे हैं।
सूचना मिलते ही घटनास्थल पर फायर डिपार्टमेंट की टीमें तुरंत पहुंच गईं। बचाव और राहत कार्य तेजी से चलाया जा रहा है। यह हादसा नई दिल्ली के मोती बाग स्थित शिव मंदिर के पास सत्य निकेतन में हुआ। फायर डिपार्टमेंट को करीब डेढ़ बजे इमारत ढहने की कॉल मिली थी। फायर ब्रिगेड और बचाव दल इमारत गिरने के समय से ही लोगों को बाहर निकालने की पूरी कोशिश कर रहे हैं। कई छात्र गंभीर रूप से घायल हुए हैं। बचावकर्मी उन्हें बहुत मुश्किल से बाहर निकाल रहे हैं। ताजा जानकारी के अनुसार सत्य निकेतन जो इमारत गिरी है यह चार मंजिला थी और हादसे के वक्त अंदर 50 से 60 छात्रों के फंसे होने की आशंका है। बताया यह भी जा रहा है कि तीन छात्रों को निकाल लिया गया है और सभी को एम्स ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया। मौके पर एनडीआरएफ की टीम बचाव कार्य में जुटी है।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस घटना पर गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए प्रशासन और विभिन्न एजेंसियां पूरे समन्वय के साथ मुस्तैदी से काम कर रही हैं। मौके पर एनडीआरएफ, डीडीएमए, दमकल विभाग, दिल्ली पुलिस, एमसीडी और सिविल डिफेंस के स्वयंसेवक की टीमें रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं। वहीं, इस घटना की सूचना मिलने पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गोवा में अपना कार्यक्रम रद्द कर दिया है। जानकारी के मुताबिक, एक कार्यक्रम को संबोधन के दौरान उन्हें ये सूचना मिली, जिसके बाद उन्होंने अपना भाषण तुरंत रोकते हुए, अपने सभी आगामी कार्यक्रम रद्द कर दिया। बताया गया है कि उन्होंने राहत और बचाव कार्य की स्थिति की जानकारी ली है।
The post दिल्ली में 5 मंजिला हॉस्टल गिरा, 1 की मौत, मलबे में दबे कई छात्र appeared first on ShreeKanchanpath.

