Blog

आवासीय संस्थाओं को अपना घर और बच्चों को अपना समझकर करें कार्य- शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव

दंतेवाड़ा छत्तीसगढ़ शासन स्कूल शिक्षा, ग्रामोद्योग, विधि एवं विधायी कार्य मंत्री गजेन्द्र यादव की अध्यक्षता में जिला मुख्यालय स्थित नवीन विश्राम गृह में जिले के समस्त पोटा केबिन आवासीय विद्यालयों, पोटा केबिन हाई स्कूल छात्रावासों एवं कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालयों के अधीक्षकों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में आवासीय संस्थाओं की शैक्षणिक व्यवस्था के साथ बच्चों के आवास, भोजन, स्वास्थ्य, स्वच्छता, सुरक्षा, पेयजल, विद्युत एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा की गई।

शिक्षा मंत्री यादव ने कहा कि आवासीय विद्यालय एवं छात्रावासों में रहने वाले बच्चों की शिक्षा के साथ उनके स्वास्थ्य, सुरक्षा, पोषण एवं समुचित देखभाल की जिम्मेदारी भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने अधीक्षकों को संस्था को अपना घर और बच्चों को अपने बच्चों की तरह समझकर कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधीक्षक संस्था में निवास करें और बच्चों के बीच नियमित रूप से उपस्थित रहकर उनकी समस्याओं को समझें तथा संवेदनशीलता के साथ उनका निराकरण करें।

उन्होंने प्रत्येक संस्था में शासन द्वारा निर्धारित समय-सारणी एवं शैक्षणिक कैलेण्डर का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रार्थना, अध्ययन, भोजन, खेलकूद, संध्याकालीन अध्ययन एवं रात्रि विश्राम तक बच्चों की दिनचर्या सुव्यवस्थित रखने तथा प्रार्थना के साथ मंत्रोच्चार एवं अमृतवाणी विचार का वाचन कराने कहा। बच्चों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए मंत्री ने बीमार होने पर तत्काल उपचार उपलब्ध कराने तथा आवश्यकता पड़ने पर उच्च स्वास्थ्य संस्था में रेफर करने के निर्देश दिए। उन्होंने नियमित स्वास्थ्य परीक्षण एवं स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने को कहा। भोजन व्यवस्था की समीक्षा करते हुए निर्धारित मीनू के अनुसार गुणवत्तापूर्ण, पौष्टिक, स्वच्छ एवं गर्म भोजन उपलब्ध कराने तथा रसोईघर एवं खाद्य सामग्री के भंडारण की नियमित निगरानी के निर्देश दिए।

मंत्री ने जिला प्रशासन को आवासीय संस्थाओं के नियमित एवं औचक निरीक्षण के लिए अधिकारियों का दल गठित करने तथा भवन, छात्रावास, रसोईघर, शौचालय, स्नानागार, पेयजल, विद्युत एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच कर आवश्यक कमियों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे को सुरक्षित, स्वस्थ, अनुशासित एवं सकारात्मक वातावरण उपलब्ध कराना सभी की प्राथमिक जिम्मेदारी है। बैठक में विधायक चैतराम अटामी, जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष अरविंद कुंजाम, कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव, जिला पंचायत सीईओ एम. भार्गव, संयुक्त संचालक शिक्षा बस्तर संभाग एच. आर. सोम, समग्र शिक्षा के उप संचालक दिनेश कौशिक, जिला शिक्षा अधिकारी प्रमोद सिंह, जिला मिशन समन्वयक हरीश गौतम, सहायक परियोजना समन्वयक राजेन्द्र पाण्डेय सहित संबंधित अधिकारी एवं आवासीय संस्थाओं के अधीक्षक उपस्थित रहे।

The post आवासीय संस्थाओं को अपना घर और बच्चों को अपना समझकर करें कार्य- शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव appeared first on ShreeKanchanpath.

Manoj Mishra

Editor in Chief

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button