Blog

कांवड यात्रा पर जा रही महिला पर एसिड से हमला, बात नहीं करने से था नाराज… आरोपी गिरफ्तार

भिलाई। नंदिनी नगर थाना क्षेत्र के ग्राम अरसनारा के पास सनकी युवक ने महिला पर एसिड से हमला कर दिया। एसिड की चपेट में आने से महिला झुलस गई। गंभीर रूप से घायल महिला को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं घटना की जानकारी के मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। शुरुआती जांच में पता चला है कि महिला व युवक एक दूसरे से परिचित हैं और महिला के बात नहीं करने से वह नाराज था।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सोमवार को कारंजा भिलाई निवासी महिला अपने परिचित के साथ कांवड़ यात्रा के लिए ग्राम कोडिया आई हुई थी। इसी दौरान ग्राम कारंजा भिलाई निवासी आरोपी महेश दास द्वारा पीड़िता से बातचीत बंद किए जाने की बात को लेकर नाराज होकर ग्राम अरसनारा के पास पहुंचा और टिन के डिब्बे में रखा बैटरी में इस्तेमाल होने वाला एसिड महिला के ऊपर छिड़क दिया, जिससे पीड़िता को गंभीर चोटें आईं।

घटना की सूचना पर थाना नंदिनी नगर में धारा 124(1) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। विवेचना के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि आरोपी ग्राम कारंजा भिलाई में छिपा हुआ है। सूचना पर थाना नंदिनी नगर पुलिस टीम द्वारा तत्काल घेराबंदी कर आरोपी महेश दास को पकड़ा गया। पूछताछ एवं विवेचना के दौरान आरोपी से घटना के संबंध में आवश्यक जानकारी प्राप्त की गई तथा उसके द्वारा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल पुलिस को उपलब्ध कराई गई, जिसे विधिवत जप्त किया गया। आरोपी को दिनांक 18.08.2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया है।

उक्त कार्यवाही में थाना नंदिनी नगर के अधिकारी एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस टीम द्वारा घटना की सूचना प्राप्त होते ही अपराध पंजीबद्ध कर त्वरित विवेचना, मुखबिर सूचना का संकलन एवं आरोपी की घेराबंदी कर गिरफ्तारी की कार्यवाही की गई। दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि व्यक्तिगत विवाद अथवा आपसी मतभेद की स्थिति में कानून हाथ में न लें तथा किसी भी प्रकार की हिंसक कार्रवाई से बचें। किसी विवाद की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना दें। महिलाओं के विरुद्ध हिंसा की किसी भी घटना की सूचना मिलने पर पुलिस द्वारा नियमानुसार वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।

The post कांवड यात्रा पर जा रही महिला पर एसिड से हमला, बात नहीं करने से था नाराज… आरोपी गिरफ्तार appeared first on ShreeKanchanpath.

Manoj Mishra

Editor in Chief

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button