भिलाई। नेहरू नगर बाईपास पर डीमार्ट के सामने बीती रात एक ट्रक में लोड सीएनजी टैंकर से अचानक गैस का रिसाव होने लगा। गैस रिसाव के बाद अफरा तफरी मच गई। संभावित खतरे के कारण आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया था। इससे पहले की बड़ा धमाका होता दुर्ग पुलिस ने मोर्चा संभाला और तत्परता दिखाते हुए संभावित हादसे को टाला।
दरअसल पुलिस को सूचना मिली कि डीमार्ट के पास हाइवे पर सीएनजी टैंकर से रिसाव हो रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस उपमहानिरीक्षक विजय अग्रवाल ने तत्काल सभी थाना एवं यातायात पुलिस टीमों को सक्रिय किया। नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए नेहरू नगर गुरुद्वारा तिराहा से यातायात को डायवर्ट किया गया तथा टैंकर के आसपास पर्याप्त पुलिस बल तैनात कर सुरक्षा घेरा बनाया गया। प्रशासन ने बिना एक पल गंवाए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए।
नेशनल हाईवे पर वाहनों की आवाजाही तुरंत रोक दी गई। लगभग 30 से 40 मिनट तक तेज धमाके जैसी आवाज के साथ गैस का रिसाव लगातार होता रहा। सुरक्षा टीमों ने पूरी सावधानी और धैर्य का परिचय देते हुए स्थिति पर नजर रखी। गैस का रिसाव थमने के बाद टैंकर का वाल्व टाइट वाहन को सुरक्षित गंतव्य के लिए रवाना किया गया और हाईवे पर यातायात सुचारू रूप से बहाल कराया गया। दुर्ग पुलिस की तत्परता, संबंधित एजेंसियों के समन्वय और आमजन के सहयोग से संभावित बड़े हादसे को समय रहते टाला गया।
The post भिलाई में बड़ा हादसा टला : सीएनजी टैंकर से गैस रिसाव ने हाइवे पर लगा जाम, मचा हड़कंप appeared first on ShreeKanchanpath.


