*शासकीय आईटीआई कॉलेज में युवाओं ने दिया स्वच्छता का संदेश*
*मेरा युवा भारत, कवर्धा के अभियान में छात्र-छात्राओं और राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवकों की उत्साहपूर्ण भागीदारी*
कवर्धा, अगस्त 2026। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत संचालित मेरा युवा भारत कवर्धा द्वारा स्वच्छता पखवाड़ा अभियान के तहत गुरुवार को शासकीय आईटीआई कॉलेज, कवर्धा में स्वच्छता एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवकों और महाविद्यालय के स्टाफ ने परिसर की साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाए रखने का संकल्प लिया।
उल्लेखनीय है कि मेरा युवा भारत, कवर्धा द्वारा 1 अगस्त से 15 अगस्त 2026 तक जिले में स्वच्छता पखवाड़ा अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत जिले के चारों विकासखंड कवर्धा, पंडरिया, बोड़ला एवं सहसपुर लोहारा में राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवकों द्वारा स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं जनजागरूकता से जुड़े विविध कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। शासकीय आईटीआई कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को स्वच्छता के महत्व से अवगत कराते हुए अपने परिसर और आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित किया गया। उपस्थित युवाओं ने स्वच्छता को केवल एक अभियान नहीं, बल्कि दैनिक जीवन की आदत बनाने का संकल्प भी लिया।
इस अवसर पर जिला युवा अधिकारी श्री राज पटेल, महाविद्यालय के स्टाफ, पंडरिया विकासखंड के राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक श्री रोहित रजक एवं श्री गगन सिंह राजपूत सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में आगामी दिनों में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में भी स्वच्छता एवं जनजागरूकता गतिविधियों को व्यापक रूप से आयोजित करने की जानकारी दी गई।





