घर के बाकी हिस्सों की तरह किचन भी जितना साफ-सुथरा और व्यवस्थित होता है, उतना ही अच्छा लगता है। लेकिन साफ-सफाई के बावजूद भी कुछ चीजों की वजह से किचन गंदा नजर आ सकता है। यहां बर्तन धोने, खाना बनाने और अन्य कामों की वजह से स्लैब या किचन काउंटर पर बार-बार पानी फैल जाता है। कई बार स्लैब पर फैला हुआ पानी धीरे-धीरे फर्श पर गिर जाता है और इससे पूरा किचन गंदा और गीला दिखने लगता है।
अगर आपके साथ भी इस तरह की समस्या रहती है, तो कुछ आसान तरीकों की मदद से किचन स्लैब पर फैला पानी साफ कर सकते हैं। इससे आपको बार-बार पानी को साफ करने की जरूरत नहीं पड़ेगी और किचन भी साफ-सुथरा और व्यवस्थित रखा जा सकता है।
किचन स्लैब पर पानी फैलने या जमा होने का कारण
किचन स्लैब पर बिखरा हुआ पानी बहुत खराब लगता है। यही पानी नीचे गिरता है और फिर फर्श को भी गीला और चिपचिपा कर देता है। ऐसे में किचन में काम करते समय काफी गंदगी फैल सकती है। किचन स्लैब पर पानी फैलने या जमा होने के पीछे कई कारण हो सकते हैं। सिंक के बगल में बनी स्लैब बर्तन या सब्जियां धोने, सिंक के किनारों पर दरारें, नल के पास ढीली फिटिंग और गलत ढलान की वजह से पानी फैलने या जमा होने का कारण हो सकती है।
सूखा और सुरक्षित रखने के आसान तरीके
नल से तेज रफ्तार से पानी निकलने की वजह से स्लैब पर चारों तरफ पानी फैल सकता है। ऐसे में आप स्लैब को सूखा और साफ रखने के लिए नल में एक्सटेंशन लगा सकते हैं। इससे पानी धीरे-धीरे और नियंत्रित तरीके से आता है। जिससे स्लैब गीला नहीं होता और किचन भी साफ-सुथरी नजर आ सकती है।
स्लैब पर गीला कचरा रखना किचन को गंदा बना सकता है। इसलिए गीला कचरा इधर-उधर स्लैब पर रखने की बजाय तुरंत डस्टबिन में डाल सकते हैं। इसे स्लैब पर रखना मक्खियों और गंदगी को फैलने का मौका दे सकता है। इसलिए ऐसा करने से बचें।
बर्तन धोने के बाद सिंक के बगल वाली स्लैब पर रख दिए जाते हैं। इनसे निकलने वाला पानी स्लैब पर तो फैलता ही है लेकिन साथ ही में यह फर्श को भी गीला कर देता है। ऐसे में बर्तनों को धोने के बाद रखने के लिए स्लैब का इस्तेमाल न करें। इसके लिए आप ड्रेनिंग रैक का इस्तेमाल कर सकते हैं। इससे पानी निकल जाता है और स्लैब भी गीला नहीं रहता।
किचन में काम करते समय सामान के साथ-साथ पानी की भी जरूरत होती है। ऐसे में पानी की बूंदें स्लैब को गीला कर देती हैं। इसे वाइपर से साफ करने के बाद भी पानी को सूखने में समय लग सकता है। ऐसे में काम के बाद सूखे कपड़े से तुरंत स्लैब को पोंछ लें। इससे स्लैब पर मौजूद पानी साफ हो जाएगा और किचन सूखा और व्यवस्थित दिखेगा।
किचन स्लैब को साफ-सुथरा और व्यवस्थित रखने के लिए स्क्रबर, साबुन और ब्रश को होल्डर में रखें। बर्तन धोने के बाद आसपास की जगह को कपड़े से पोंछ दें जिससे पानी जल्दी सूख जाए। इस तरह आप किचन स्लैब पर पानी नहीं फैलेगा और दिखने में भी साफ लगेगा।किचन में काम करते समय बार-बार हाथ धोते हैं, तो साइड में तौलिया भी रखें। जिसका इस्तेमाल करके आप हाइजीन का ध्यान रखते हुए किचन को भी साफ रख सकते हैं। इन छोटी-मोटी आदतों को अपनाने से आप स्लैब के साथ-साथ पूरे किचन को साफ सुथरा रख सकते हैं।





