Blog

हेमचंद यादव विश्वविद्यालय का कुल सचिव गिरफ्तार, महिला कर्मचारी के वेतन से उड़ाए थे डेढ लाख रुपए

भिलाई। हेमचंद यादव विश्वविद्यालय दुर्ग के कुलसचिव द्वारा दैनिक वेतनभोगी महिला कर्मचारी के वेतन लगभग डेढ़ लाख रुपए गबन करने का मामला सामने आया है। इस मामले में महिला कर्मचारी ने कुलपति के समक्ष शिकायत दर्ज कराई गई। जांच समिति के प्रतिवेदन के आधार पर मामला गबन का निकला। इस मामले में मोहन नगर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तात्कालीन कुल सचिव भूपेन्द्र कुमार कुलदीप को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में धारा धारा 316(4) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई।

दरअसल इस मामले में हेमचंद यादव विश्वविद्यालय दुर्ग की अर्धकुशल दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी शुभांगी मराठे द्वारा विश्वविद्यालय के कुलपति के पास शिकायत दर्ज कराई गई थी। विश्वविद्यालय प्रशासन से प्राप्त प्रतिवेदन के आधार पर सोमवार 3 अगस्त 2026 को थाना मोहन नगर में धारा 316(4) भारतीय न्याय संहिता, 2023 के अंतर्गत गंभीर वित्तीय अनियमितता एवं अमानत में खयानत का प्रकरण दर्ज किया गया। प्रकरण में पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी भूपेन्द्र कुमार कुलदीप से पूछताछ की गई। उपलब्ध साक्ष्यों एवं विवेचना के आधार पर अपराध की पुष्टि होने पर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

डेढ़ साल ट्रांसफर कराए रुपए
पीड़िता शुभांगी मराठे विश्वविद्यालय में दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी के रूप में कार्यरत है और तत्कालीन कुलसचिव भूपेन्द्र कुमार कुलदीप के निवास पर भोजन बनाने का कार्य भी करती थी। पीड़िता का प्रतिमाह शासकीय नियमानुसार वेतन ₹11,515 मिलता था। लेकिन तात्कालीन कुल सचिव भूपेन्द्र कुमार कुलदीप द्वारा उसे मात्र 2,200 रुपए देकर शेष राशि दबावपूर्वक फोनपे एवं पेटीएम के माध्यम से उदय कुलदीप के खाते में ट्रांसफर करवाता था। इस प्रकार दिनांक 6 फरवरी 2025 से 4 जुलाई 2026 के मध्य  डेढ़ साल तक 1,49,384 रुपए का गबन किया गया।

पद का दुरुपयोग कर लिए रुपए
विश्वविद्यालय द्वारा गठित जांच समिति की रिपोर्ट, बैंक खाते एवं यूपीआई ट्रांजेक्शन के परीक्षण तथा अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पद का दुरुपयोग कर अमानत में खयानत किए जाने की पुष्टि हुई। पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपी ने अपने प्रशासनिक पद एवं प्रभाव का अनुचित लाभ उठाते हुए मातहत दैनिक वेतनभोगी महिला कर्मचारी पर दबाव बनाया तथा उसके बैंक खाते में जमा होने वाली वेतन राशि का अधिकांश भाग डिजिटल भुगतान माध्यम (PhonePe/Paytm) से अपने परिचित के खाते में अंतरित कराकर अनुचित आर्थिक लाभ प्राप्त किया।

उक्त कार्रवाई में थाना मोहन नगर प्रभारी निरीक्षक केशव राम कोशले एवं थाना मोहन नगर पुलिस टीम की त्वरित, निष्पक्ष एवं प्रभावी विवेचना की सराहनीय भूमिका रही। दुर्ग पुलिस आम नागरिकों एवं शासकीय/गैर-शासकीय कर्मचारियों से अपील करती है कि यदि कोई व्यक्ति अपने पद अथवा प्रभाव का दुरुपयोग कर आर्थिक शोषण, अवैध वसूली अथवा वित्तीय अनियमितता करता है तो इसकी सूचना तत्काल निकटतम पुलिस थाना अथवा पुलिस अधिकारियों को दें। ऐसे मामलों में निष्पक्ष एवं कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

The post हेमचंद यादव विश्वविद्यालय का कुल सचिव गिरफ्तार, महिला कर्मचारी के वेतन से उड़ाए थे डेढ लाख रुपए appeared first on ShreeKanchanpath.

Manoj Mishra

Editor in Chief

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button