कवर्धा। सावन माह के प्रथम सोमवार पर पूरे प्रदेश के शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। वहीं कबीरधाम जिले में वर्षों पुरानी धार्मिक परंपरा के तहत कवर्धा स्थित पंचमुखी बूढ़ा महादेव मंदिर से भोरमदेव मंदिर तक 18 किलोमीटर लंबी ऐतिहासिक पदयात्रा श्रद्धा और उत्साह के साथ निकाली गई। सुबह विधि-विधान से भगवान शिव की पूजा-अर्चना और जलाभिषेक के बाद हजारों शिवभक्त “बोल बम” और “हर-हर महादेव” के जयघोष के साथ पदयात्रा पर रवाना हुए।
इस पावन यात्रा में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा स्वयं श्रद्धालुओं के साथ पैदल यात्रा में शामिल हुए। उनके साथ जिला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, अन्य प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के सदस्य, विद्यार्थी, महिलाएं और बड़ी संख्या में शिवभक्त भी पदयात्रा में शामिल रहे। पूरे मार्ग में सुरक्षा, यातायात और स्वास्थ्य सेवाओं की विशेष व्यवस्था की गई थी। पदयात्रा मार्ग पर विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों ने श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए जगह-जगह पेयजल, शरबत, फल एवं जलपान की व्यवस्था की. शिव भजनों की मधुर धुन, डीजे पर बजते भक्ति गीत और “बोल बम” के गगनभेदी जयघोष से पूरा वातावरण शिवमय हो गया। यह भव्य पदयात्रा भगवान भोरमदेव मंदिर पहुंचकर जलाभिषेक एवं विशेष पूजा-अर्चना के साथ संपन्न हुई। श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ से प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति, अच्छी वर्षा और जनकल्याण की कामना की।
The post सावन का पहला सोमवार : कवर्धा में 18 किमी की पदयात्रा में शामिल हुए डिप्टी सीएम विजय शर्मा appeared first on ShreeKanchanpath.


