Blog

दुर्ग-भिलाई में सड़क हादसों का रिपोर्ट कार्ड : ट्रैफिक अवेयरनेस से घटे एक्सीडेंट, मृतकों की संख्या भी कम

भिलाई। यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा इस वर्ष अब तक के सड़क हादसों का रिपोर्ट कार्ड प्रस्तुत किया गया है। यातायाता पुलिस द्वारा जारी आंकड़ों में कहा गया है पिछले दो वर्षों की तूलना में इस साल सड़क हादसों में उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई है। यही नहीं इस दौरान मृतकों की संख्या में भी कमी दर्ज की गई है। यातायात पुलिस का कहना है कि विभाग द्वारा विशेष अभियान, जनजागरूकता, सघन प्रवर्तन एवं जोखिम वाले क्षेत्रों में प्रभावी निगरानी के परिणामस्वरूप वर्ष 2026 में सड़क दुर्घटनाओं में मृतकों की संख्या में उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई।

यातायात पुलिस, जिला दुर्ग द्वारा सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने एवं आम नागरिकों के जीवन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से वर्षभर लगातार विशेष अभियान संचालित किए जा रहे हैं। इन अभियानों के अंतर्गत यातायात नियमों का प्रभावी पालन सुनिश्चित कराने के साथ-साथ व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम, ब्लैक स्पॉट की सतत निगरानी, विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में सड़क सुरक्षा जागरूकता, औद्योगिक क्षेत्रों में सुरक्षा प्रशिक्षण, संवेदनशील मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती तथा दुर्घटना संभावित स्थलों पर विशेष निगरानी की गई।

इन प्रयासों का सकारात्मक प्रभाव वर्ष 2026 के आंकड़ों में स्पष्ट रूप से परिलक्षित हो रहा है। जनवरी से जुलाई 2026 तक कुल 860 सड़क दुर्घटनाएं दर्ज हुईं, जिनमें 685 व्यक्ति घायल हुए तथा 162 व्यक्तियों की मृत्यु हुई। जबकि इसी अवधि में वर्ष 2025 में 225 तथा वर्ष 2024 में 213 व्यक्तियों की मृत्यु हुई थी। इससे स्पष्ट है कि सड़क दुर्घटनाओं में जनहानि को कम करने की दिशा में दुर्ग पुलिस के निरंतर प्रयास प्रभावी सिद्ध हो रहे हैं। यातायात पुलिस द्वारा दुर्घटनाओं के बाद त्वरित रिस्पांस, समय पर राहत एवं बचाव, प्रभावी ट्रैफिक प्रबंधन तथा सड़क सुरक्षा संबंधी सतत जागरूकता अभियान भी दुर्घटनाओं की गंभीरता कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। दुर्ग पुलिस आगे भी सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए इसी प्रकार निरंतर कार्य करती रहेगी।

थानावार हादसों का विवरण
वर्ष 2026 (01 जनवरी से 31 जुलाई) के थाना-वार सड़क दुर्घटना आंकड़ों के अनुसार सुपेला थाना क्षेत्र में सर्वाधिक 139 दुर्घटनाएं, 102 घायल एवं 10 मृतक, भिलाई नगर में 82 दुर्घटनाएं, 62 घायल एवं 26 मृतक, मोहन नगर में 70 दुर्घटनाएं, 51 घायल एवं 2 मृतक, वैशाली नगर में 69 दुर्घटनाएं, 51 घायल एवं 5 मृतक, जुनवानी में 57 दुर्घटनाएं, 29 घायल एवं 17 मृतक, जामुल में 47 दुर्घटनाएं, 39 घायल एवं 5 मृतक, छावनी में 42 दुर्घटनाएं, 30 घायल एवं 6 मृतक, दुर्ग कोतवाली में 36 दुर्घटनाएं, 33 घायल एवं 3 मृतक, उतई में 35 दुर्घटनाएं, 32 घायल एवं 8 मृतक, नंदिनी में 37 दुर्घटनाएं, 34 घायल एवं 15 मृतक, भिलाई-3 में 25 दुर्घटनाएं, 23 घायल एवं 8 मृतक, पुलगांव में 27 दुर्घटनाएं, 9 घायल एवं 14 मृतक, नेवई में 24 दुर्घटनाएं, 29 घायल एवं 3 मृतक, कुम्हारी में 27 दुर्घटनाएं, 17 घायल एवं 3 मृतक, पाटन में 29 दुर्घटनाएं, 20 घायल एवं 4 मृतक, अंडा में 12 दुर्घटनाएं, 7 घायल एवं 6 मृतक, अमोरा में 11 दुर्घटनाएं, 8 घायल एवं 5 मृतक, पुरानी भिलाई में 20 दुर्घटनाएं, 17 घायल एवं 3 मृतक, खुर्सीपार में 20 दुर्घटनाएं, 17 घायल एवं 3 मृतक, बोरसी में 15 दुर्घटनाएं, 32 घायल एवं 4 मृतक, स्मृति नगर में 15 दुर्घटनाएं, 17 घायल एवं 2 मृतक, जेवरा-सिरसा में 14 दुर्घटनाएं, 13 घायल एवं 1 मृतक, अंजोरा में 10 दुर्घटनाएं, 8 घायल एवं 6 मृतक तथा रानीतराई में 5 दुर्घटनाएं, 6 घायल एवं 2 मृतक दर्ज की गईं।

Aug 26 034

The post दुर्ग-भिलाई में सड़क हादसों का रिपोर्ट कार्ड : ट्रैफिक अवेयरनेस से घटे एक्सीडेंट, मृतकों की संख्या भी कम appeared first on ShreeKanchanpath.

Manoj Mishra

Editor in Chief

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button