छत्तीसगढ़

विद्यार्थियों और युवाओं ने प्रधानमंत्री का लाइव संबोधन सुना*

*प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया ‘नशा मुक्त युवा – विकसित भारत संकल्प अभियान’ का शुभारंभ*

*विद्यार्थियों और युवाओं ने प्रधानमंत्री का लाइव संबोधन सुना*

*नशा मुक्त भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी का लिया संकल्प*

कवर्धा,  अगस्त 2026। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत मेरा युवा भारत (माई भारत) द्वारा देशव्यापी “नशा मुक्त युवा–विकसित भारत संकल्प अभियान” का भव्य शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने देशभर के युवाओं को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए नशा मुक्त भारत के निर्माण का आह्वान किया तथा 100 सप्ताह तक चलने वाले अभियान की शुरुआत की। इसी क्रम में मेरा युवा भारत, कवर्धा द्वारा स्वामी आत्मानंद शासकीय इंग्लिश मीडियम विद्यालय, दुर्गावती चौक, कवर्धा में स्थानीय स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों एवं युवाओं ने प्रधानमंत्री का लाइव संबोधन देखा और सुना।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कवर्धा नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष श्री चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी ने युवाओं को नशे से दूर रहकर स्वस्थ, अनुशासित एवं जिम्मेदार जीवन जीने का संदेश दिया। उन्होंने उपस्थित विद्यार्थियों एवं युवाओं को नशा मुक्ति की शपथ भी दिलाई और समाज में जनजागरूकता फैलाने का आह्वान किया। देशभर के लगभग 25 हजार स्थानों पर एक साथ आयोजित इस ऐतिहासिक अभियान में एक करोड़ से अधिक युवाओं ने वर्चुअल माध्यम से सहभागिता की। अभियान में माई भारत, स्वयंसेवकों, राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS), नेहरू युवा केंद्र, युवा क्लबों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों, विभिन्न गैर-सरकारी संगठनों तथा अनेक सामाजिक एवं आध्यात्मिक संस्थाओं की सक्रिय भागीदारी रही।

अभियान के तहत अगले 100 सप्ताह तक प्रत्येक रविवार देशभर में नशा मुक्ति जनजागरूकता अभियान, खेल गतिविधियां, सांस्कृतिक कार्यक्रम, फिटनेस, योग एवं ध्यान, सामुदायिक सहभागिता तथा अन्य रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा, ताकि युवाओं को स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जा सके। कार्यक्रम में उपस्थित युवाओं ने नशे के विरुद्ध जनजागरूकता फैलाने तथा स्वस्थ, सशक्त और जिम्मेदार समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के सफल आयोजन पर मेरा युवा भारत, कवर्धा ने स्वामी आत्मानंद शासकीय इंग्लिश मीडियम विद्यालय, दुर्गावती चौक के विद्यालय तथा विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए आभार व्यक्त किया। इस दौरान डिप्टी कलेक्टर रूचि शार्दूल, जिला शिक्षा अधिकारी श्री एफ आर वर्मा, सहायक संचालक श्री एम के गुप्ता, माई भारत के जिला युवा अधिकारी श्री राज पटेल सहित शहर के युवा, विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Manoj Mishra

Editor in Chief

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button