रायपुर। भारतीय जनता पार्टी द्वारा आगामी ‘हर घर तिरंगा’ एवं ‘तिरंगा यात्रा’ अभियान के सफल संचालन, समन्वय एवं प्रभावी क्रियान्वयन के लिए गठित केंद्रीय समिति में छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंह देव को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है। उनके साथ महासमुंद सांसद एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीमती रूपकुमारी चौधरी को भी समिति में स्थान मिला है। अनुराग सिंह देव का केंद्रीय समिति में चयन निश्चित रूप से छत्तीसगढ़ की सक्रिय भागीदारी को और सशक्त बनाएगा तथा अभियान को नई ऊर्जा और प्रभावशीलता प्रदान करेगा।
यह नियुक्ति छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय है तथा प्रदेश में संगठनात्मक नेतृत्व और राष्ट्रहित के प्रति समर्पित कार्यशैली का सम्मान है। केंद्रीय समिति का संयोजन भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह के नेतृत्व में किया जाएगा, जिसमें कई वरिष्ठ राष्ट्रीय पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि शामिल हैं। 11 अगस्त से 15 अगस्त 2026 तक देशभर में आयोजित होने वाले ‘हर घर तिरंगा’ एवं ‘तिरंगा यात्रा’ अभियान के अंतर्गत घर-घर तिरंगा फहराने, तिरंगा यात्राएं निकालने, युवाओं की भागीदारी बढ़ाने तथा राष्ट्रभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

The post हर घर तिरंगा’ अभियान की केंद्रीय समिति में अनुराग सिंह देव शामिल, सांसद रूपकुमारी को भी मिली जगह appeared first on ShreeKanchanpath.





