निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज परिसर में आयोजित पौधरोपण कार्यक्रम में शामिल हुए डिप्टी सीएम विजय शर्मा
कबीरधाम। निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज परिसर में आयोजित पौधरोपण कार्यक्रम में पहुंचे डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उनके साथ जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों, स्कूली विद्यार्थियों, एनसीसी कैडेट्स, स्काउट-गाइड, सामाजिक व धार्मिक संगठनों, वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं, युवाओं तथा ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में पौधे लगाए। परिसर में फलदार सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया। इसमौके पर उन्होंने कहा निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज भवन जुलाई 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है, जबकि इसी शैक्षणिक सत्र से 50 एमबीबीएस सीटों के साथ मेडिकल कॉलेज का संचालन शुरू करने की तैयारी है।


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डिप्टी सीएम ने कहा कि मेडिकल कॉलेज केवल एक भवन नहीं, बल्कि जिले की आने वाली पीढ़ियों की अमूल्य धरोहर है। यह संस्थान शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में आने वाले कई दशकों तक कबीरधाम की पहचान बनेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश देते हुए कहा कि यह प्रदेश के सबसे तेज गति से बन रहे मेडिकल कॉलेजों में शामिल है। विजय शर्मा ने कहा कि इसी शैक्षणिक सत्र से 50 सीटों के साथ मेडिकल कॉलेज की शुरुआत होने से जिले के विद्यार्थियों को अपने क्षेत्र में ही चिकित्सा शिक्षा का अवसर मिलेगा। साथ ही स्वास्थ्य सुविधाएं भी मजबूत होंगी। उन्होंने बताया कि जिले के चिकित्सक भी मेडिकल कॉलेज के सफल संचालन और विकास में सहयोग देने के लिए तैयार हैं।
उप मुख्यमंत्री ने पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में कार्य कर रही हरीतिमा टीम की सराहना करते हुए कहा कि जिले को हराभरा बनाने का यह अभियान अब जनआंदोलन का रूप ले चुका है। उन्होंने कहा कि समाज के हर वर्ग की भागीदारी इस पहल की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने बोड़ला ब्लॉक के नेऊरगांव के युवाओं द्वारा ग्रामवासियों के सहयोग से चौक के सौंदर्यीकरण और महापुरुषों की प्रतिमाओं की स्थापना जैसे कार्यों की प्रशंसा की। साथ ही ऑटो संघ, बस एवं ट्रक मालिक संघ सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के योगदान को भी सराहते हुए कहा कि जिले के विकास में जनसहभागिता लगातार बढ़ रही है।
The post कबीरधाम में इसी सत्र से मेडिकल की 50 सीटों पर शुरू होगी पढ़ाई, 2027 तक तैयार होगा कॉलेज appeared first on ShreeKanchanpath.



