गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। जिले के मरवाही वन परिक्षेत्र के जंगल में मृत मिले भालू के पंजे से नाखून काटकर ले जाने के मामला सामने आया है। इस मामले में वन विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से मृत भालू के चार नाखून बरामद किए गए हैं। वन विभाग ने बरामद नाखूनों को जब्त कर दोनों आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 के तहत वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
वन विभाग के अनुसार 3 सितंबर 2026 को मरवाही वन परिक्षेत्र के मरवाही वृत्त अंतर्गत उसाढ़ परिसर के कक्ष क्रमांक 2035 में भालू के मृत पड़े होने की सूचना मिली थी। सूचना के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान अधिकारियों ने पाया कि मृत भालू के पिछले दाएं पंजे के चार नाखून गायब थे। इसके बाद वन विभाग को आशंका हुई कि किसी व्यक्ति ने मृत वन्यजीव के शव से नाखून काटकर ले लिए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग ने तत्काल सर्च अभियान शुरू किया। आरोपियों की पतासाजी के लिए डॉग स्क्वॉड की मदद ली गई।
टीम ने जंगल और आसपास के इलाकों में सघन तलाशी अभियान चलाया। तलाशी और पूछताछ के दौरान वन विभाग की टीम ने दो संदिग्धों को पकड़ लिया। उनके कब्जे से मृत भालू के चार नाखून बरामद किए गए, जिसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुदर्शन यादव (54), पिता सुखीराम यादव, निवासी ग्राम बरौर, मरवाही और सूरज साहिस (20), पिता संतोष साहिस, निवासी ग्राम बरौर, मरवाही के रूप में हुई है। वन विभाग द्वारा दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
The post GPM में मृत भालू के नाखून काटकर ले गए बदमाश, वन विभाग की गिरफ्त में दो आरोपी appeared first on ShreeKanchanpath.


