ग्रामीण विकास और रोजगार से जुड़ी केंद्र की योजना विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) को लागू कर दिया गया है. VB-G RAM G Act, 2025 के शुभारंभ पर कोरिया और MCB जिले के भी कई हिस्सों में अलग-अलग तरह से आयोजन हुए. केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आंध्रप्रदेश के तिरुपति से वर्चुअल माध्यम से योजना का देशव्यापी शुभारंभ किया. इसके साथ ही कोरिया और एमसीबी जिले में जिला एवं विकासखंड स्तर पर जनसम्मेलन, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए.
पहले से ज्यादा रोजगार का दावा
कोरिया जिला मुख्यालय स्थित जिला पंचायत के मंथन सभा कक्ष में जिला स्तरीय कार्यक्रम हुआ. बैकुंठपुर विधायक भैयालाल राजवाड़े मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए. कार्यक्रम कलेक्टर रोक्तिमा यादव के निर्देशन में आयोजित हुआ. इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष मोहित राम पैकरा, उपाध्यक्ष वंदना राजवाड़े, सभापति गीता राजवाड़े, जिला पंचायत सदस्य, जनप्रतिनिधि, अधिकारी, स्व-सहायता समूहों की महिलाएं तथा बड़ी संख्या में श्रमिक उपस्थित रहे.
कार्यक्रम में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी ने बताया कि नई योजना केवल नाम परिवर्तन नहीं, बल्कि ग्रामीण विकास की व्यापक सोच के साथ तैयार की गई है. उन्होंने कहा कि अब ग्रामीण श्रमिकों को पहले की तुलना में अधिक रोजगार, बेहतर मजदूरी और सैकड़ों प्रकार के विकास कार्यों में रोजगार के अवसर मिलेंगे. यदि रोजगार की मांग करने के 15 दिनों के भीतर काम उपलब्ध नहीं कराया जाता है तो बेरोजगारी भत्ता देने का भी प्रावधान किया गया है.
नई योजना से ग्रामीणों को रोजगार के अधिक अवसर मिलेंगे और 300 रुपये प्रतिदिन की मजदूरी मिलने से उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी. अधिक से अधिक संख्या में योजना से जुड़कर लाभ लें– मोहित राम पैकरा, जिला पंचायत अध्यक्ष





