*करोड़ों रुपये के गाँजा तस्करी प्रकरण में फरार मुख्य आरोपी घनश्याम गुर्जर राजस्थान से गिरफ्तार।*
*927.645 किलोग्राम गाँजा, जिसकी अनुमानित कीमत 4 करोड़ 63 लाख रुपये, की तस्करी के मामले में चिल्फी पुलिस की कार्यवाही।*
*कबीरधाम पुलिस की लगातार पतासाजी के बाद दूसरे राज्य से पकड़ा गया फरार आरोपी, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।*
कबीरधाम पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री हेमसागर सिदार एवं श्री अमित कुमार पटेल के मार्गदर्शन तथा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी श्री प्रशांत देवांगन के पर्यवेक्षण में थाना चिल्फी पुलिस द्वारा मादक पदार्थ गाँजा की तस्करी के गंभीर प्रकरण में फरार चल रहे मुख्य आरोपी घनश्याम गुर्जर, निवासी राजस्थान, को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की गई है। थाना प्रभारी चिल्फी के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा लगातार पतासाजी एवं तकनीकी सहायता के आधार पर आरोपी को राजस्थान से गिरफ्तार कर विधिवत कार्यवाही की गई।
मामले का संक्षिप्त विवरण- प्रकरण में दिनांक 24 फरवरी 2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि एक कंटेनर वाहन में भारी मात्रा में गाँजा छिपाकर परिवहन किया जा रहा है। सूचना पर थाना चिल्फी पुलिस द्वारा राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 30 पर नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कंटेनर के अंदर बनाए गए गोपनीय चेंबर से अलग-अलग पैकेटों में छिपाकर रखा गया गाँजा बरामद हुआ।
पुलिस द्वारा विधिवत कार्यवाही करते हुए कुल 927.645 किलोग्राम गाँजा बरामद कर जप्त किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 4 करोड़ 63 लाख रुपये है। गाँजा परिवहन में प्रयुक्त कंटेनर वाहन, जिसकी अनुमानित कीमत 30 लाख रुपये है, को भी जप्त किया गया। प्रकरण में कुल 890 पैकेटों में गाँजा बरामद हुआ था। मामले में थाना चिल्फी में अपराध क्रमांक 07/2026, धारा 20(बी)(ii)(सी) एवं 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
*विवेचना में सामने आई मुख्य आरोपी की संलिप्तता*
प्रकरण की विवेचना के दौरान पूर्व में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ, उनके कथनों एवं उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर घनश्याम गुर्जर, निवासी राजस्थान, की गाँजा तस्करी में संलिप्तता सामने आई। आरोपी घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए थाना चिल्फी पुलिस द्वारा विभिन्न संभावित स्थानों पर लगातार पतासाजी की गई तथा तकनीकी सहायता भी ली गई। आरोपी की तलाश के लिए राजस्थान में भी पुलिस टीम भेजकर प्रयास किए गए।
विवेचना के दौरान प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर घनश्याम गुर्जर को प्रकरण में मुख्य आरोपी के रूप में शामिल किया गया। आरोपी की लगातार तलाश के बाद पुलिस टीम ने उसे राजस्थान के जिला कोटपुतली-बहरोड़ अंतर्गत थाना बहरोड़ सदर क्षेत्र से गिरफ्तार किया।
*राजस्थान से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया आरोपी*
आरोपी की गिरफ्तारी दिनांक 09 अक्टूबर 2026 को थाना बहरोड़ सदर, जिला कोटपुतली-बहरोड़ (राजस्थान) में की गई। आरोपी को कबीरधाम लाने के लिए नियमानुसार ट्रांजिट रिमांड प्राप्त किया गया। थाना चिल्फी लाने के बाद आरोपी से प्रकरण के संबंध में थाना चिल्फी पुलिस तथा ए.एन.टी.एफ. पुलिस टीम कबीरधाम द्वारा पूछताछ कर आवश्यक वैधानिक कार्यवाही पूर्ण की गई।
आरोपी घनश्याम गुर्जर को दिनांक 12 अक्टूबर 2026 को माननीय न्यायाधीश के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहाँ से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। प्रकरण में अग्रिम विवेचना जारी है। उक्त कार्यवाही में साइबर थाना पुलिस टीम, ए.एन.टी.एफ. पुलिस टीम तथा थाना चिल्फी पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।
*कबीरधाम पुलिस की “अपील”*
कबीरधाम पुलिस मादक पदार्थों की तस्करी एवं अवैध परिवहन के विरुद्ध लगातार कार्यवाही कर रही है। मादक पदार्थों की तस्करी से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना मिलने पर नागरिक नजदीकी थाना अथवा पुलिस को सूचित करें। ऐसे अपराधों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।





