दुर्ग। जिले के सबसे सुरक्षित माने जाने वाले कलेक्ट्रेट परिसर में चोरी की वारदात सामने आने से प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। अज्ञात चोरों ने कलेक्टर परिसर स्थित ज्वाइंट डायरेक्टर (अकाउंट, ट्रेजरी एवं पेंशन) विवेक मिश्रा के कार्यालय और लोक सेवा आधार केंद्र का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, चोरों ने आधार केंद्र से करीब 6 से 7 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए गए। हालांकि मौके पर मौजूद लाखों रुपये मूल्य के उपकरणों को हाथ नहीं लगाया। बताया जा रहा है कि आधार केंद्र में रखी लगभग 7 लाख रुपये कीमत की मशीनें और अन्य उपकरण सुरक्षित मिले हैं जिससे प्रतीत होता है कि उनका निशाना केवल नकदी थी। इसके बाद चोरों ने सामने स्थित ज्वाइंट डायरेक्टर (अकाउंट, ट्रेजरी एवं पेंशन) विवेक मिश्रा के कार्यालय का ताला भी तोड़ दिया। कार्यालय के भीतर रखी फाइलों और दस्तावेजों को खंगाला गया तथा सामान बिखेर दिया गया। बताया जा रहा है कि कार्यालय के बाहर लिखे कोष शब्द को देखकर चोरों को वहां नकदी होने की उम्मीद थी, लेकिन उन्हें कुछ हासिल नहीं हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
चोरी की यह वारदात इसलिए भी गंभीर मानी जा रही है क्योंकि घटना सीधे कलेक्टर परिसर के भीतर हुई है, जिसे आमतौर पर सुरक्षित क्षेत्र माना जाता है। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का दावा कर रही है। फिलहाल इस दुस्साहसी चोरी की चर्चा पूरे जिले में बनी हुई है।
The post कलेक्ट्रेट परिसर में चोरी: आधार केन्द्र का ताला तोड़कर की नगदी पार, लाखों का सामान सुरक्षित appeared first on ShreeKanchanpath.


