आरा(भोजपुर)। आधुनिक रेल डिब्बा कारखाना, रायबरेली (आरेडिका) में निर्मित पहला वंदे भारत ट्रेनसेट डायनेमिक टेस्टिंग और फील्ड ट्रायल के लिए रवाना कर दिया गया है। यह भारतीय रेल के लिए एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
दिल्ली से हावड़ा रूट की तैयारी
जानकारी के अनुसार यह ट्रेन नई दिल्ली से कानपुर, मिर्जापुर, डीडीयू होते हुए आरा जंक्शन से गुजरते हुए पटना, झाझा, जसीडीह, आसनसोल और बर्दवान के रास्ते हावड़ा तक चलाई जाएगी। आने वाले महीनों में इस रूट पर संचालन की योजना है।
100वें ट्रेनसेट की ओर बढ़ता कदम
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, वंदे भारत की शुरुआत वर्ष 2018 में सिर्फ दो ट्रेनसेट से हुई थी और अब यह 100वें ट्रेनसेट के महत्वपूर्ण पड़ाव की ओर बढ़ रही है। यह भारत की आधुनिक रेल तकनीक में तेजी से हो रहे विकास को दर्शाता है।
अत्याधुनिक तकनीक से लैस ट्रेन
इस ट्रेनसेट में सीमेंस प्रोपल्शन सिस्टम सहित कई अत्याधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल किया गया है। नियमित सेवा से पहले इसका ऑस्सिलेशन परीक्षण किया जाएगा, जिससे इसकी गति, सुरक्षा और प्रदर्शन का आकलन किया जा सके।
यात्रियों को मिलेगा प्रीमियम अनुभव
ट्रेन में आरामदायक सीटें, झटके रहित सफर, सील्ड गैंगवे और ऑटोमैटिक प्लग डोर जैसी सुविधाएं दी गई हैं। इसके अलावा शोर को कम करने के लिए भी विशेष तकनीक का उपयोग किया गया है, जिससे यात्रा और भी आरामदायक होगी।





