कवर्धा: छत्तीसगढ़ के वनांचल जिले कवर्धा में अतिक्रमण के खिलाफ शहर सरकार की कार्रवाई शुरू हो गी है. कवर्धा नगर पालिका की तरफ से सड़क चौड़ीकरण का कार्य किया जा रहा है. जिससे शहर की यातायात व्यवस्था बेहतर हो सके. शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से अंबेडकर चौक से शंकरी नदी पुल तक सड़क चौड़ीकरण का कार्य तेज कर दिया गया है.
सड़क चौड़ीकरण का कार्य किया गया तेज
कवर्धा नगर पालिका के अधिकारी ने कहा कि सड़क चौड़ीकरण को लेकर प्रशासन ने अवैध अतिक्रमण हटाने का अभियान शुरू कर दिया है. अभियान के तहत सड़क किनारे अस्थाई और स्थाई कब्जों को हटाया जा रहा है, ताकि प्रस्तावित सड़क चौड़ीकरण कार्य को सुचारू रूप से पूरा किया जा सके.अंबेडकर चौक से शंकरी नदी पुल तक का मार्ग लंबे समय से संकरा बना हुआ है, जिससे रोजाना यातायात बाधित होता है और जाम की स्थिति उत्पन्न होती है.खासकर व्यस्त समय में लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है. इसी समस्या के समाधान के लिए सड़क चौड़ीकरण की योजना बनाई गई है, जिसके लिए लगभग ढाई करोड़ रुपये की स्वीकृति पहले ही मिल चुकी है और भूमि पूजन भी किया जा चुका है. अब अतिक्रमण को हटाने का कार्य किया जा रहा है.
कवर्धा प्रशासन ने उठाया सख्त कदम
सड़क निर्माण में अतिक्रमण को लेकर कुछ स्थानीय लोगों द्वारा विरोध किए जाने के कारण कार्य में देरी हुई थी. अब प्रशासन ने सख्ती बरतते हुए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई तेज कर दी है. अभियान के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल की तैनाती की गई है और पूरे क्षेत्र में प्रशासनिक अमला सक्रिय नजर आ रहा है.कवर्धा नगर पालिका और कवर्धा जिला प्रशासन की तरफ से कहा गया है कि अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई नियम के अनुसार की जा रही है. अतिक्रमण को लेकर प्रभावित लोगों को पहले ही सूचना दी जा चुकी है. सड़क चौड़ीकरण कार्य पूरी होने के बाद इस मार्ग पर यातायात सुगम होगा, जाम की समस्या से राहत मिलेगी और आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी. नगर पालिका ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए शहर के विकास कार्यों में भागीदारी सुनिश्चित करने की बात कही है.





