भिलाई। समय पर गैस सिलेंडर नहीं मिलने से परेशान ग्रामीणों ने आज भिलाई -3 से तर्रा होकर पाटन जाने वाली सड़क पर करसा गांव में चक्काजाम कर दिया। ग्रामीणों ने यहां के सताक्षी गैस एजेंसी पर टोकन मिलने के 15 से 20 दिन बाद भी सिलेंडर की डिलीवरी में हीला हवाला करने का आरोप लगाया है। सूचना पर पहुंची भिलाई-3 पुलिस ने ग्रामीणों को समझाइश देकर चक्काजाम खत्म कराया।

भिलाई-3 के नजदीक करसा गांव में सताक्षी गैस एजेंसी का संचालन किया जाता है। इस एजेंसी का मुख्य कार्यालय खुर्सीपार भिलाई में है। करसा में ब्रांच खोलकर सिलेंडर की डिलीवरी देने के चलते करसा, घुघवा और इसके आसपास के काफी ग्रामीण उपभोक्ता सताक्षी गैस एजेंसी के उपभोक्ता बने हैं। ग्रामीणों का कहना है कि गैस सिलेंडर के लिए आने वाले उपभोक्ता घंटों लाइन में खड़े होकर जब कार्यालय पहुंचते हैं तो उनसे पूरी राशि लेकर एक टोकन दिया जाता है।
टोकन में 15 से 20 दिन के बाद की तारीख सिलेंडर डिलीवरी के लिए दी जाती है। लेकिन नियत तारीख पर भी सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है। एजेंसी के कर्मचारी डिलीवरी के लिए बार बार नई तारीख देकर उपभोक्ताओं को परेशान करते हैं। उपभोक्ता द्वारा जमा की गई राशि वापस मांगने पर नहीं दिया जा रहा है। वहीं एजेंसी के कर्मचारियों द्वारा उपभोक्ताओं से बद्तमीजी भी की जाती है। इसलिए आज सुबह 11 बजे के आसपास आक्रोशित होकर ग्रामीणों ने सड़क पर खाली सिलेंडर रखकर चक्काजाम कर दिया। इसके चलते लगभग घंटे भर तक यातायात प्रभावित हुआ।
The post सिलेंडर नहीं मिलने से करसा में ग्रामीणों ने किया चक्काजाम, 20 दिन बाद भी नहीं मिल रही डिलवरी appeared first on ShreeKanchanpath.




