देश दुनिया

PCS अधि‍कारी बन घर पहुंची नीलम तो फूल-मालाओं से हुआ भव्‍य स्वागत, बेटी को देख प‍िता की नम हो गई आंखें

डुमरियागंज। प्रतिभा किसी परिचय की मोहताज नहीं होती, इसे सिद्ध कर दिखाया है डुमरियागंज तहसील के मधुकरपुर गांव की बेटी नीलम त्रिपाठी ने। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा घोषित पीसीएस-2024 के अंतिम परिणाम में उन्होंने 165वीं रैंक हासिल कर नायब तहसीलदार के पद पर चयनित होकर जनपद का गौरव बढ़ाया है।

स्वजनों, रिश्तेदारों और क्षेत्रीय नागरिकों ने जोरदार स्वागत किया। फूलों की वर्षा और मालाओं से लदी नीलम को देख पिता रामतेज त्रिपाठी की आंखें खुशी से छलक आईं।

जुलूस के माध्यम से ग्रामीणों को बेटियों की शिक्षा के प्रति जागरूक भी किया गया। उनकी प्रारंभिक शिक्षा राम जानकी इंटर कॉलेज, गिरधरपुर में हुई। इसके बाद गुरु वशिष्ठ महाविद्यालय मनकापुर से स्नातक और इग्नू से परास्नातक की डिग्री ली। अपने चौथे प्रयास में उन्होंने इस प्रतिष्ठित परीक्षा को पास किया।

अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता के आशीर्वाद और गुरुओं के मार्गदर्शन को दिया है। उनकी इस उपलब्धि ने क्षेत्र की अन्य बालिकाओं के लिए प्रेरणा का मार्ग प्रशस्त किया है। स्वागत समारोह में मौजूद प्रबुद्ध वर्ग ने कहा कि ग्रामीण पृष्ठभूमि की बेटियों का प्रशासनिक सेवा में जाना महिला सशक्तिकरण की जीवंत मिसाल है।

Manoj Mishra

Editor in Chief

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button